Friday, 18 September 2015

कालू !! फिर मिलेंगे !!!




कालू !! फिर मिलेंगे !!! : एक यादगार अनुभव


           यह तस्वीर लगभग दो वर्ष पुरानी है तस्वीर में ,मंदिर दर्शन की समयावधि में, वर्षा के बावजूद भी ,निरंतर,मेरे साथ रहा " कालू " है
            इसे सामान्य, कालू समझने की भूल मत कीजियेगा . इसकी विशेषता यह है कि, बेशक मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ हैं ! ये जिस दर्शनार्थी के साथ सड़क से नीचे मंदिर तक जाता है उसी के साथ वापस पुन: चढ़ाई चढ़कर वापस सड़क तक आता है.और विदा करता है ! जिन साथियों ने मंदिर दर्शन किये हों उनको अंदाज़ होगा कि चढ़ाई कितनी खड़ी है !!
            इस दौरान चाहे कितनी भी भीड़ हो "कालू " यदि आपके साथ हो लिया तो हो लिया । हम काफी समय मंदिर में रहे और इस दौरान कालू को भूल ही गए थे ! लेकिन जब मन्दिर से बाहर आए तो कालू को इंतजार में शांत बैठे पाकर सुखद आश्चर्य हुआ !! 
           सामान्य कुत्ता भोजन की लालसा में इंसान के साथ हो लेता है और इस लालसा में हाव-भाव भी व्यक्त करता है लेकिन कालू ने "संत भाव" में हम से निरन्तर एक दूरी बनाए रखी !! जब आप इस स्थान पर जाए तो " कालू " से अवश्य मिलिएगा
           एक जानवर के मन में अजनबी श्रद्धालुओं के प्रति इतनी श्रृद्धा !!! आश्चर्य हुआ !!
 
 

Wednesday, 16 September 2015

जयगढ़ दुर्ग, जयपुर



कुछ मनोभाव ____
 
कुछ पाने की हवस में
खुद को भूल जाता है आदमी,
रह जाता है यहीं सब
साथ क्या ले जाता है आदमी !!

~ विजय जयाड़ा
              कभी राजसी ठाठ-बाट से लवरेज जयगढ़ दुर्ग में अब अजीब सा सन्नाटा पसरा हुआ है !! ऐसा महसूस होता है मानो यहाँ से जीवन सदा के लिए रूठ कर कहीं दूर चला गया हो !!
             सुनसान है वो स्थान !! जहां संगीतमय स्वर लहरियाँ गुंजायमान होती थीं ! थिरकते पैरों में बंधे घुंघरुओं की छम छम भी, इस दुर्ग को बहुत पहले अलविदा कह गई !!
             जयगढ़ दुर्ग का हर पत्थर सुनहरे अतीत को पुकारते- पुकारते थक कर मूक हो गया प्रतीत होता है ! जीवन्त अतीत की यादें संजोए जयगढ़ दुर्ग पथराई आँखों से हर आने - जाने वाले में कुछ टटोलता, मौन टकटकी लगाये सुनहरे अतीत की प्रतीक्षा में जड़वत् सा खड़ा है।
 
 

बेमौसम " बुराँश " और " फ्यूंलि " !!


बेमौसम " बुराँश " और " फ्यूंलि " !!

बुरांश मंगसीर खिळि
खित्त हैंसी !!
फिंयुली पूस खिख्तै
खिल्ल खिल्ल !!
यूँ मासु बुरांश फ्यूंळि
फुळ्युं देख,
डाळा खौळ्यां देखदा रैन्
टुकुर टुकुर !!
पहाड़ खोदी खोदी
होटल बण ग्येन् !!
रोज रड़दन् पहाड़
अब घमा घम !!
फुळ खिळ्ना कु मौसम
अब भुळ ग्यन्
डाळियों बगैर रड़दा डांडा
दिखेंद्न सुन्न सुन्न !!

... विजय जयाड़ा
 

Saturday, 12 September 2015

मिजाज-ए-तल्ख़ को ..



मिजाज-ए-तल्ख़ को
अंदाज़-ए-खुशनुमा दीजे
कि पुराने ज़ख्म को
    शोलों की मत हवा दीजे.....
खुश्क हुई जमीं अब बहुत
जज्बातों की बारिश के बिना
जज्बातों की नमीं से
   जमीं को अब सर सब्ज कीजे....
कर न पाए कोई बाहरी,
ईमारत बुलंद अब कभी यहाँ
कि जज़्ब-ए-दिल को
    सदा प्यार कि हवा दीजे ....

.. विजय जयाड़ा
 

Saturday, 5 September 2015

हम सबकी दिल्ली



 हम सबकी दिल्ली

 
यौवन पर चढ़ती
  उजड़ जाती दिल्ली !
  सल्तनत बदलती !
     निखर जाती दिल्ली....

गरजती कभी खामोश
  रहती थी दिल्ली !
शंहशाही इशारे पर
    थिरकती थी दिल्ली...

अब शंहशाह रहे न
  सल्तनत ही बाकी !
   अब दिखती यहाँ..
     सिर्फ रवानी जवानी....

दिल हिन्दुस्तां का
धड़कता यहाँ है
रौनक से लवलेज़
    हर रोज़ खिलती....

कुछ खास दुनिया से
   सबसे निराली !!
   सरसब्ज सतरंगी..
      हम सबकी दिल्ली ...

   ..विजय जयाड़ा
 

आजादी के दीवानों का अस्थायी आशियाना: लाल किला बावड़ी



आजादी के दीवानों का अस्थायी आशियाना 

लाल किला बावड़ी


              किसी दूसरे से सद्अपेक्षा करना मानवीय गुण है। इसमें मुझे आश्चर्य करने जैसा कुछ भी महसूस नहीं होता ! लेकिन सोचता हूँ ! व्यक्ति का अनुकूल व प्रतिकूल, दोनों ही परिस्थितियों में, स्वयं भी उन सद्अपेक्षाओं की कसौटी पर खरा उतरना, उसे देवत्व के बहुत करीब पहुंचा देता है। यही देवत्व ही व्यक्ति को सर्व स्वीकार्य भी बनाता है ...           
             लाल किले की बावड़ी का ये कक्ष भारतीय स्वतंत्रता के निर्णायक मोड़, " लाल किला मुकदमे " के दौरान आजाद हिन्द फौज के तीन जाँबाज कमांडरों शाहनवाज, सहगल और ढिल्लों की यादों से सराबोर है।
              तुगलक कालीन इस बावड़ी के खुले बरामदे को अस्थायी जेल मे तब्दील कर, आजाद हिन्द फौज के देशभक्त सूरमाओं को इस कक्ष में युद्ध बंदी के तौर पर रखा गया था ।
              लाल किले के अन्दर मुकदमे की खुली सुनवाई होती थी और किले के बाहर हजारों लोग गगनभेदी नारे लगाते थे.
                                   "लाल किले से आई आवाज .. ढ़िल्लों-सहगल-शाहनवाज"
              गौरतलब खास बात ये है कि अलग-अलग मजहबों के इन तीनों रणबांकुरों ने, मजहबी संरक्षण प्रलोभन मिलने के बावजूद भी एक ही धर्म, " राष्ट्र थर्म " को अपनाकर "अनेकता में एकता" को व्यवहारिक रूप में चरितार्थ किया।


लाल किला : वैभव आगमन व निर्गमन द्वार


लाल किला : वैभव आगमन व निर्गमन द्वार


" एक दिन राजा हरिश्चंद्र घर, संपत्ति मेरु समान,
एक दिन जाय स्वपच घर बिक गयो अम्बर हरत मसान
    
होत न एक समान सब दिन सब दिन होत न एक समान.."
       
        सन 1648 !! लाल किले का निर्माण पूर्ण हुआ !! शाहजहाँ ने बड़े गर्व और शानो शौकत से अपनी नयी राजधानी शाहजहानाबाद के किला-ए-मुबारक (लाल किला) के यमुना की तरफ बने इस गेट की सीढियां चढ़कर शक्ति और वैभव के प्रतीक लाल किले में प्रवेश किया !!
       परिदृश्य बदला !! समय मुगलिया सल्तनत के विपरीत हो चला !! 1857 में अंग्रेजों ने लाल किले पर चांदनी चौक की ओर से लाहौरी गेट पर हमला बोला, 82 वर्षीय वृद्ध और हर तरह से टूट चुके, अंतिम मुग़ल बादशाह व शायर बहादुर शाह जफ़र, भयाक्रांत मन: स्थिति में लाल किले के पिछवाड़े से "खास महल" और "रंग महल" से लगे इसी गेट से, जो कि पीछे यमुना की तरफ खुलता था, भागने को विवश हुए !! लेकिन चंद घंटों में ही, हुँमायु के मकबरे से 17 रिश्तेदारों समेत, अंग्रजों द्वारा बंदी बना लिया गए ...     उसके आगे की कहानी से कौन विज्ञ नहीं !!! बहादुर शाह जफ़र मातृभूमि (भारत) में दो गज जमीन के लिए अंतिम सांस तक तड़पते रहे !! लेकिन नसीब न हुई.. बादशाह जफर की चर्चा हो और उनकी शायरी का जिक्र न हो !! इस शायराना शख्सियत के साथ और भी अधिक नाइंसाफी ही होगी !! .
                 अपनी बदनसीबी को जफ़र ने बहुत ही मार्मिक अल्फाजों में बयां किया ....

" दो आरज़ू में कट गए दो इंतिज़ार में
दिन ज़िंदगी के ख़त्म हुए शाम हो गई
फैला के पांव सोएंगे कुंजे मज़ार में
कितना है बदनसीब ज़फ़र दफ़्न के लिए
   दो गज़ ज़मीं भी मिल न सकी कूए-यार में "


और अंत में जीवन का सत्य उनके ही शब्दों में ..

या मेरा ताज गदायाना बनाया होता
अपना दीवाना बनाया मुझे होता तूने
   क्यों ख़िरदमंद बनाया न बनाया होता...
       अर्थात मुझे बहुत बड़ा हाकिम बनाया होता या फिर मुझे सूफ़ी बनाया होता, अपना दीवाना बनाया होता लेकिन बुद्धिजीवी न बनाया होता.
 आज ये दरवाजा ताला बंद है.." अब कोई गुलशन न उजड़े, अब वतन आजाद है .... "
   हर इतिहास से जुड़ी पोस्ट के अंत में एक ही बात कह कर अपनी बात समाप्त करना चाहता हूँ .... कि ...

" सीख हम बीते युगों से नए युग का करें स्वागत ... "