Friday, 7 August 2015

यूँ तो सफर पर



यूँ तो सफर पर 


यूँ तो सफर पर 
चलते हैं लाखों,
मगर मंजिल पर
पहुँचते हैं कुछ ही !
अहल-ए-ज़माने !!

कद्र कर उनकी भी,
मंजिल तक खुद
जो पहुँच नहीं पाते,
       मगर___
हमसफ़र का
हौसला वो बढ़ाते हैं.
 
.. विजय जयाड़ा


महादेव सैण महादेव, फूल चट्टी, ऋषिकेश

 

 महादेव सैण महादेव, फूल चट्टी, ऋषिकेश


          उत्तराखंड में आदि शंकराचार्य जी द्वारा स्थापित शिवालयों के स्थापत्य के अनुरूप प्राचीन शिवालय प्राय: हर गाँव में आसानी से मिल जाता है. हिन्दू धर्म पुनर्स्थापना के कालखंड में उत्तराखंड, आदि शंकराचार्य जी की कर्म स्थली रही है. कहा जाता है श्रीनगर में कीर्तिनगर पुल के पास आदि शंकराचार्य जी हैजा से ग्रस्त थे तो उनको दूध बेचने वाली के स्वरुप में माँ गंगा के दर्शन हुए थे. इस प्रसंग को विस्मृत कर रहा हूँ, निवेदन है कि यदि किसी सम्मानित साथी को प्रसंग ज्ञात हो तो उल्लेख अवश्य कीजियेगा.
       सम्पूर्ण हिमालय क्षेत्र उत्तराखंड शिव निवास माना जाता है. उत्तराखंड के प्राचीन शिवालय प्राय: आधुनिक वैभव से दूर हैं इन शिवालयों के परिधि क्षेत्र में पहुँचते ही वहां के वातावरण व वास्तु के कारण अपार आत्मिक शांति का स्वमेव अहसास होता है और मुझ जैसा व्यक्ति जो वैभव प्रदर्शित करते मंदिरों की तरफ कम ही रुख करता है अनायास खींचा चला जाता है.
        हिन्यूल नदी के तट पर चारों ओर आम, पीपल आदि के वृक्षों की हरीतिमा की छाँव में शांत-एकांत में यह प्राचीन शिवालय, महादेव सैण में है. यहाँ अलौकिकता का अहसास होता है. ऐसा प्रतीत होता है मानों प्रकृति के सभी अवयव मिलकर शिवालय को सुन्दर अलौकिक स्वरुप देने की आपसी होड़ में है !!
         प्राचीन शिवालयों के सानिध्य में भावनात्मक सुखानुभूति होती है। फूल चट्टी धर्मशाला के अवशेषों के अध्ययन के बाद जिज्ञासा शांत होने पर समीप में ही स्थित प्राचीन शिवालय का रुख किया. दरवाजे बंद थे ! स्वयं ही द्वार खोलकर सर्वशक्तिमान भोले के दर्शन कर उनकी शक्ति के आगे नतमस्तक हो, आशीर्वाद प्राप्त कर, वापस ऋषिकेश के लिए प्रस्थान किया..
         सोचता हूँ आधुनिकता के साथ प्राचीन मन्दिरों के मूल स्वरूप को भी यथावत् संरक्षित रखा जाय तो मन्दिर परिसर में प्राचीनता बोध व धार्मिक भावना के साथ-साथ सांस्कृतिक रूप से भी भावनात्मक लगाव उत्पन्न होगा .. 06.08.15


Wednesday, 5 August 2015

आक्रोश का चश्मदीद गवाह ;भारतीय स्टेट बैंक, चांदनी चौक

आक्रोश का चश्मदीद गवाह 

भारतीय स्टेट बैंक, चांदनी चौक


            जब आप लालकिला की तरफ से चांदनी चौक मुख्य सड़क पर चलेंगे तो दायें हाथ की तरफ पीले रंग के चार मंजिला ऊंची भव्य इमारत पर आपकी दृष्टि अवश्य रुकेगी. आज भी शान से खड़ी ये इमारत स्वयं में अतीत की बहुत सी अच्छी व बुरी यादें संजोये हुए है !!
          इस भवन में कभी अंग्रेजों की अदालत हुआ करती थी.1847 में दिल्ली बैंक ने इस भवन को खरीद लिया. !857 में जब यहाँ प्रथम स्वाधीनता संग्राम नेतृत्व के अभाव में कमोवेश लूटमार और बलवे के रूप में परिवर्तित हो बेकाबू हो गया था। तब उस स्थिति का फायदा उठाने के लिए आस पास के प्रदेशों के कुछ शरारती लोग यहां आकर लूटपाट करने लगे थे !! उसी काल खंड में कुछ आक्रोशित स्वाधीनता सेनानियों ने इस स्थान पर इस बैंक के मैनेजर को पत्नी व पांच पुत्रियों समेत क़त्ल कर दिया था.
         बाद में भारतीय स्टेट बैक के पूर्वाधिकारी इम्पीरियल बैंक ने इस इमारत को अपने अधिकार में ले लिया . कुछ वर्षों तक भारतीय रिजर्व बैंक इसी इमारत में काम करता रहा, इसके दालान मे पुराने और खराब नोटों को जलाने वाली पुरानी भट्टी व चिमनी आज भी उसकी मूक गवाह हैं ।
                 इस इमारत के जीने, छतें, मेहराबदार दरवाजे, पुरानी अंग्रेजी लिफ्ट, चटकीले शीशे आज भी यूरोपीय वास्तुकला को प्रदर्शित करते है


मन की बात

मन की बात

        अब तक दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उड़ीसा, हरियाणा व उत्तराखंड के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों को गहनता से देख चुका हूँ ..
         जहाँ भी जाता हूँ ऐतिहासिक स्थल का विभिन्न स्रोतों से प्राप्त अधिकतम जानकारी के आधार पर पूर्वाग्रहरहित विश्लेषण करने का प्रयास करता हूँ. फेसबुक जैसे सार्वजनिक मंच पर जितना कहना उचित है उतना साझा करने का प्रयास करता हूँ. कुछ तथ्य सार्वजनिक मंच पर कहना उचित नहीं समझता क्योंकि बड़े-बड़े इतिहासकारों में भी उन तथ्यों पर मतभेद है. इसलिए उन्हें व्यक्तिगत चर्चा तक ही सीमित रखता हूँ..
       बहरहाल, आज किसी विशेष विषय पर पोस्ट केन्द्रित न कर इन ऐतिहासिक स्थलों को देखकर मन में उठे भावों को साझा करने की दिली इच्छा के तहत ये कहना चाहूँगा कि विदेशी आक्रमणकारियों ने भारत पर अधिकार करने के लिए “ तलवार और तरकीब (राजनीति) “ का सहारा लिया.जहाँ उनकी तलवार को चुनौती मिली, उन्होंने वहां धन, मान और प्रतिष्ठा प्राप्त करने की ललक व नारी सौन्दर्य के प्रति आकर्षण के मानव सुलभ तामसी गुणों को प्रलोभन के तौर पर विनाशक हथियार के रूप में प्रयोग किया !!
                    फिर किसी जेरा भाई की संतान साबौर भाई .. हज़ार दीनार में बिककर, आक्रान्ताओं के पद-प्रतिष्ठा के लोभ में अपनी   ही मातृभूमि को मालिक काफूर बनकर रौंदने न निकल पड़े. फिर कोई राजीव लोचन राय आक्रान्ताओं की सुन्दरता के मोह-पाश में बंधकर, धर्म बदलकर काला पत्थर नाम में रख कर कोणार्क के सूर्यमंदिर के आधार चुम्बकीय   “ दधिनौती ”    शिला    ( इस शिला पर मंदिर की दीवारों का सामंजस्य केन्द्रित था और    इसका चुम्बकीय प्रभाव इतना प्रबल था कि आस-पास गुजरने वाले पानी के जहाजों का दिशा नियंत्रक काम करना बंद कर देता था जिससे जहाज दिग्भ्रमित हो जाते थे) को उखाड़ कर खंडहर में तब्दील कर अपने ही श्रद्धा स्थलों को कुचलने का प्रयास न करे फिर कोई मानसिंह, मान-प्रतिष्ठा के चलते मातृभूमि के स्वाभिमान के संरक्षक राणा प्रताप जैसे सूरमाओं को घास की रोटी खाने को विवश न कर दे .. फिर कोई दुल्हे राव जैसे संपोले, झाँसी के दुर्भेद किले पर विदेशियों के प्रवेश के लिए किले का द्वार खोल लक्ष्मी बाई की हमशक्ल झलकारी बाई को बलिदान और वीरांगना लक्ष्मी बाई को किले से निकलने को मजबूर न कर दे !!... ये चंद उदाहरण विचारणीय विषय हैं..
       हम विदेशी आक्रमणकारियों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मन-क्रम-वचन से एक जुट हो.. इसके लिए महाभारत जैसे भयंकर बहराइच के यद्ध, 1033 का अनुसरण करें जहाँ अफगानिस्तान के सालार मसूद की 11 लाख सैनिकों की विशाल सेना को सत्रह स्वदेशी देशभक्त राजाओं ने सुहेल देव के नेतृत्व में लड़कर गाजर-मूली की तरह काट फेंका. ..
       किसी क्षेत्र में कमजोर या साधनहीनता की स्थिति में हम चकमौर के युद्ध 22.09.1704 से साहस व देशभक्ति की प्रेरणा ले सकते हैं.. जहाँ महाराजा गोविन्द सिंह जी ने मात्र चालीस सिख साथियों के साथ मिलकर मुगलों के लाखों की तादात में सैनिकों के छक्के छुड़ा दिए ..
       विभिन्न विचारधाराओं के बीच मतभेद अवश्य हो सकते हैं मातृभूमि की कीमत पर मतभेदों को मनभेदों में बदलना उचित नहीं !! मातृभूमि के दुश्मनों के विरुद्ध हमें हर तरह के व्यक्तिगत स्वार्थ पूर्वाग्रह व संकीर्णता त्यागकर एक ही मंच पर मजबूती से खड़ा होना अति आवश्यक है.. इतिहास हमें शोकसागर में डूबे रहना नहीं सिखाता बल्कि विगत घटनाओं से सीख लेकर आगे बढ़ने को प्रेरित करता है ... 


मेरी यात्रा डायरी के सूत्रधार



मेरी यात्रा डायरी के सूत्रधार

          यात्रा डायरी के जो पृष्ठ, मैं आपके सम्मुख प्रस्तुत करता हूँ उनमें संकलित जानकारियों में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से कई साथियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है. यात्रा में जिनसे भी मुलाकात होती है उनके अनुकूल ही बौद्धिक स्तर व परिवेश में उतरने का प्रयास करता हूँ जिससे संवाद सहजता बनी रहे. सर्वप्रथम आत्मीयता बनाना बहुत आवश्यक है. धीरे-धीरे सहज, मिलन सार व आत्मीय स्वभावी स्थानीय निवासी एकत्र होने लगते हैं ! और फिर प्रारंभ होता है खुलकर बातचीत का सिलसिला !! और मुझे कई अबूझ व अलिखित तथ्य आसानी से मिल जाते हैं !!
         ये तस्वीर ऋषिकेश से लगभग 5 किमी आगे, फूल चट्टी पर एक परचून दूकान पर स्थानीय निवासियों से बातचीत के क्रम की है. स्थानीय निवासी पंडित श्री शिव प्रसाद कपरवाण जी 1972-23 के सामाजिक परिवेश का दृश्य चित्र, संवाद में उकेरते हुए बताते हैं कि हमु उस समय बच्चे थे, तब व्यवहार में पैसे का बहुत अभाव था. चार धाम पैदल यात्रा के समय हम 25 – 50 पैसे में सन्यासियों की गठरी ख़ुशी-ख़ुशी, आठ-दस किमी. तक पहुंचा आते थे !!
        साथ ही क्षेत्र के महत्वपूर्ण स्थलों के सम्बन्ध में स्थानीय निवासियों की अनभिज्ञता पर चिंता व्यक्त करते हुए 
व अपराध बोध स्वीकारते हुए बताया कि “ एक दिल्ली निवासी ने मुझसे मेरा निवास पूछा तो मैंने लापरवाही से प्रसिद्ध नीलकंठ क्षेत्र बता दिया.क्योंकि नीलकंठ मंदिर से अधिकतर लोग परिचित हैं . लेकिन जब दिल्ली निवासी ने नीलकंठ मंदिर और आस-पास की जगह की गूढ़ जानकारियां साझा करनी शुरू की तो मैं अवाक रह गया !! क्योंकि मुझे भी नीलकंठ की उतनी जानकारी न थी !! “
     पंडित कपरवाण जी से मुझे ऋषिकेश से देवप्रयाग तक की  " चट्टियों " की महत्वपूर्ण जानकारी भी मिली .. धन्यवाद पंडित कपरवाण जी , ईश्वर ने चाहा तो पुन: भेंट होगी !!   
        हमारा सौभाग्य है और हमें गर्व है कि देवभूमि उत्तराखंड हमारी जन्म भूमि है लेकिन साथ ही सोचता हूँ कि.. देवभूमि की संस्कृति, इतिहास व भूगोल से वाकिफ होना भी बहुत आवश्यक है, जिससे हम अगली पीढ़ी में अपनी स्वस्थ संस्कृति व परम्पराओं को संस्कार रूप में पहुंचा सकें.
  05.08.15


Tuesday, 4 August 2015

मेरे रेडियो प्रसारित कार्यक्रम : हुमायूँ का मकबरा



  हुमायूँ का मकबरा

कुछ समय पूर्व मैंने.. इतिहास के झरोखे से दिल्ली ..श्रृंखला के अंतर्गत " हुमायूँ के मकबरे " पर एक पोस्ट की थी
                                                            'ता उम्र भटका वो दर-बदर,
                                                           सितमगर को सुकून न मिला !!
                                                              मिला सुकून ताबूत में. मगर
                                                           पहरे पर सितमगर ही मिला !!.

                                                                   .'विजय जयाड़ा
ये पोस्ट एक रेडियों कार्यक्रम के रूप में SBS रेडियों ऑस्ट्रेलिया पर 25 जून को प्रसारित हुआ प्रवास पर होने के कारण इसकी सूचना आपको न दे सका .भला ये कैसे हो सकता है कि आपको ये जानकारी न दूँ !!.अब तक ऐसे ही चार कार्यक्रम प्रसारित हो चुके है ...
___ लिंक पर या तस्वीर पर क्लिक कर आप इस कार्यक्रम को सुन सकते हैं . अपनी प्रतिक्रिया अवश्य दीजियेगा __
कार्यक्रम प्रस्तोता ,सम्मानिता Kumud Merani जी, द्वारा शानदार अंदाज में प्रस्तुत इस कार्यक्रम में मेरा साक्षात्कार भी प्रसारित किया गया.. साथ ही मेरे द्वारा ही तस्वीरें व आलेख सृजन भी है .. 






                                                   

Monday, 3 August 2015

मौन खड़ा अतीत !! उत्खनन स्थल वीरभद्र, ऋषिकेश

    
मौन खड़ा अतीत !!
 उत्खनन स्थल वीरभद्र, ऋषिकेश



           इससे पूर्व मैंने इस कुषाण काल, गुप्तकाल व उत्तर गुप्तकाल के अवशेषों को संजोये, वीरभद्र क्षेत्र, ऋषिकेश के पास इस उत्खनित स्थल की जानकारी दी थी. आजकल शिव मास, सावन में चारों ओर वातावरण शिवमय हो गया है ।
           इस स्थान पर बैठा कल्पना लोक में विचरण करता हुआ सोच रहा हूँ कि कभी 2000 साल साल पहले आबाद हुए और 1200 वर्ष पूर्व अज्ञात कारणों से लुप्त सभ्यता व संस्कृति के इस शैव महानगर क्षेत्र के अंतर्गत इस स्थल पर भी सावन में उत्सव का माहौल रहता रहा होगा ! चारों तरह, बोल बम.. हर हर महादेव के गगनभेदी जयकारे लगते रहे होंगे !! स्थल पर ही वर्तमान में विद्यमान हवन कुंड में यज्ञ आहुतियाँ दी जाती रही होंगी !! उस काल में यहाँ शिवलिंग का जलाभिषेक करने के लिए शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बनता रहा होगा !!
          लेकिन आज वही शिवलिंग वियावान में है !! भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन, इस स्थल पर कोई धार्मिक गतिविधि नहीं है. इतिहास भी मानो जमींदोज हो गया !!
          इस स्थल से 100 मीटर की दूरी पर लगभग 1300 वर्ष पुराना वीरभद्र महादेव का मंदिर जो की पौराणिक अवशेषों के ऊपर बना है, वहां आज भी सावन में शिवभक्तों का तांता लगा रहता है !!
सोचता हूँ !! यदि इस क्षेत्र की 2000 वर्ष पुरानी सभ्यता व संस्कृति अज्ञात कारणों से लुप्त न हुई होती तो उत्खनित स्थल का महत्व बरक़रार रहता !! श्रद्धालुओं को इस शिवलिंग में साक्षात शिव अनुभूत होते !! यह स्थान भक्तिमय व भव्यता लिए होता !!
         आज भी ये धरोहर, 2000 वर्षों के अतीत की खट्टी- मीठी यादों को संजोये खुले असमान के नीचे, मौन है !! स्थिर है !!
         साहिर लुधियानवी साहब के गीत की पंक्तियां..
                                         "अब कोई गुलशन ना उजड़े अब वतन आज़ाद है
                                                रूह गंगा की हिमालय का बदन आज़ाद है "

     .........बरबस ही होठों पर आ गई !! अंधेरा घिरने के साथ ही इस धरोहर से रुखसत ली और समीप ही स्थित पौराणिक वीरभद्र मन्दिर की तरफ रुख किया।  
03.08.15