Monday, 31 October 2016

जयपुर की सरहदों का तन्हा निगहबां.. नाहर गढ़ दुर्ग , जयपुर .... ( Nahar Garh Fort, JAIPUR )


जयपुर की सरहदों का तन्हा निगहबां.. नाहर गढ़ दुर्ग , जयपुर ....

( Nahar Garh Fort, JAIPUR )

     जयपुर , आमेर के किले के चप्पे-चप्पे से रूबरू हो जाने के बाद इस किले की सुरक्षा हेतु बनाये गए जयगढ़ दुर्ग पहुंचा. जयगढ़ दुर्ग के बियावान में अतीत के वैभव और सांस्कृतिक झलक के दीदार कर ही रहा था कि तभी अरावली पर्वत में दूर से ही तन्हाई में झीनी चादर ओढ़े बुजुर्ग नाहरगढ़ दुर्ग अपनी लम्बी-लम्बी बाहें पसारे मुझे अपने पास बुलाता महसूस हुआ.
   " आमेर के किले के बाद आमेर से कुछ ऊपर बने जयगढ़ दुर्ग से वाकिफ होते हुए पहाड़ी पर्यटन स्थल का आभास दिलाती कनक घाटी के सर्पिलाकार संकरे ऊंचे नीचे रास्ते से गुजरता हुआ तन्हाई में डूबे नाहरगढ़ दुर्ग पहुंचा.
    मीलों लम्बी सुरक्षा दीवार के रूप में बाहें फैलाये नाहरगढ़ दुर्ग की छत पर बैठकर 282 साला बुजुर्ग दुर्ग दादा के साथ बातों का दौर शुरू हुआ. स्वर्णिम अतीत को सुनाते दुर्ग दादा के तन्हा मुरझाये चेहरे पर अब चमक परिदृश्यत होने लगी थी।
     दुर्ग दादा अतीत की यादों से रूबरू करते हुए बोले ... “ जयगढ़ दुर्ग से आ रहे हो न ! वहां दुनिया की सबसे बड़ी तोप “ जय बाण “ जरूर देखी होगी ? “ मैंने सहमती में सिर हिला दिया. बात को आगे बढ़ाते हुए दुर्ग दादा ने बताया, “ ‘जय बाण’ तोप का निर्माण, मुझे तामीर करने वाले महाराजा सवाई जय सिंह ने करवाया था. महाराज कई भाषाओँ के ज्ञाता थे गणित और खगोल विज्ञान में तो उनका कोई सानी न था ! महाराजा के नाम से पहले सवाई उपाधि सुनकर जिज्ञासा बढ़ी. मैंने बात बीच में रोकते हुए प्रश्न दागा ! “ दादा.. दादा ! सुनो !! पहले ये तो बता दो ! ये “ सवाई “ क्या है ? “
    " मेरा प्रश्न सुनकर दुर्ग दादा गर्वोन्मत्त मुस्कराहट बिखेरते हुए बोले , “ महाराजा जय सिंह के पिता व आमेर के महाराजा विशन सिंह का देहांत तब हो गया था जब जय सिंह बहुत छोटे थे, 11 साल की बाल्यावस्था में ही जय सिंह को आमेर का राजा घोषित कर दिया गया. सन् 1700 में बाल्यावस्था में राजा जय सिंह का औरंगजेब के दिल्ली दरबार में जाना हुआ तो बादशाह औरंगजेब ने जय सिंह के दोनों हाथों को पकड़ लिया और कहा.. " अब क्या करोगे ?"
      महाराजा जय सिंह बचपन से ही हाजिर जवाब और कूटनीतिज्ञ थे, वे बोले, " जहाँपनाह ! हमारे यहाँ जब शादी होती है तो वर अपनी वधू का एक हाथ थामकर उसे सात जन्मों तक सुख दुःख में साथ निभाने का वचन देता है. जहाँ पनाह ! आपने तो मेरे दोनों हाथ पकड़ लिए, अब मुझे किस बात की चिंता !" बालक जय सिंह की हाजिर जवाबी पर औरंगजेब हैरत में पड़ गया, और जय सिंह को एक आदमी से बढ़कर सवा आदमी होने की अर्थात “ सवाई “ मौखिक उपाधि दे दी, तब से हमारे महाराजा और उनके उत्तराधिकारियों के नाम से पहले सवाई लगाया जाने लगा. “
     बातों-बातों में सांझ घिरने लगी, दुर्ग दादा मुझे दुर्ग के पश्चिम में बने रेस्तरां, “ पड़ाव “ में ले गए, वहीँ हमने कॉफ़ी का आनंद लिया , दुर्ग दादा जयपुर शहर के महलों से मॉल तक के सफ़र को बयाँ करते जा रहे थे और मैं चुपचाप इस सफ़र का मूक श्रोता बना अतीत में खोया सुन रहा था यादों का कारवां बहुत लम्बा था ..बातों का सिल सिला चलता रहा. ... शेष बातचीत समय मिलने पर फिर कभी साझा करूँगा।


Tuesday, 11 October 2016

शहीद स्मारक, नोएडा सेक्टर-29.उत्तर प्रदेश , Shaheed Smarak, Sec-29, NOIDA, U.P.



शहीद स्मारक, नोएडा सेक्टर-29.उत्तर प्रदेश , Shaheed Smarak, Sec-29, NOIDA, U.P.

       1997 में नोएडा सेक्टर-29 के आस पास के सेक्टरों में बसे लगभग पचास हजार सेवारत् व सेवानिवृत्त सैन्य कर्मियों के मन में नोएडा वासियों को शहीदों से करीब से जोड़ने के लिए शहीद स्मारक बनाने का विचार आया था लेकिन स्मारक निर्माण पर आने वाली बड़ी लागत के चलते, विचार ठन्डे बसते में समा गया.
      1999 में कारगिल युद्ध में कैप्टन विजयंत थापर की शहादत पर उनका पार्थिव शरीर नोएडा लाया गया तो लाखों निवासियों की भीड़ उनके अंतिम दर्शन
ों के लिए उमड़ आई ! शहीदों के प्रति नोएडा वासियों के लगाव को देखकर स्मारक बनाने की मुहीम ने फिर जोर पकड़ा और देखते ही देखते अनेकों हाथ सहयोग के लिए बढ़ आये.
      पार्क परिसर की दो एकड़ भूमि पर चारों तरफ हरियाली व शोभादार वृक्षों के मध्य नोएडा के 33 ज्ञात व अज्ञात अमर शहीदों की याद में बनाये गए “ शहीद स्मारक “ के रूप में एक ऊंचे ऊंचे बलुआ पत्थर की लाट है जिस पर दर्शनाभिलाषी फूल चढ़ाकर शहीदों को श्रद्घांजलि अर्पित करते हैं। लाट की परिधि में लगे शिलापट्टों पर अमर शहीदों के नाम उत्कीर्ण हैं।
     स्मारक के प्रवेश द्वार पर दो टैंक विनाशक तोप रखी गयी हैं. स्मारक में राष्ट्रीय ध्वज के साथ तीनों सेनाओं के ध्वज, राष्ट्र के प्रति सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देते महसूस होते हैं.
      परिसर में रखे गए सतह से हवा में मार करने वाली दो मिसाइल और एक ट्रेनर जेट भी आकर्षण का केन्द्र हैं.. 13 अप्रैल 2002 को सेना के तत्कालीन प्रमुख जनरल एस. पद्मनाभन, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एस . कृष्णमूर्ति और नौसेना प्रमुख एडमिरल माधवेंद्र सिंह ने शहीद स्मारक का उद्घाटन किया. ये एक दुर्लभ अवसर ही था जब तीनों सेनाओं के प्रमुख सिविल संस्था द्वारा संचालित स्मारक के उद्घाटन के अवसर पर एक साथ उपस्थित हुए थे.
     अमर शहीदों की कुर्बानियों को जीवन्त करता नोएडा शहीद स्मारक, शहीदों व उनके बलिदान के प्रति नमन, वंदन व जय हिंद करने तक ही सीमित न रखकर, साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा व मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश देने में पूर्ण सक्षम है।


https://youtu.be/60_7A9k8Po4



Sunday, 9 October 2016

शहीद स्मारक, नोएडा, उत्तर प्रदेश. Shaheed Smarak, Noida . U.P.


   शहीद स्मारक, नोएडा, उत्तर प्रदेश. Shaheed Smarak, Noida . U.P.

      विरासत यात्रा क्रम को आगे बढाते हुए आज इतिहास के पन्नों में धूल फांकती, दिल्ली के इतिहास को बदल कर रख देने वाली दो सौ तेरह साल पुरानी निर्णायक ऐतिहासिक घटना के उपरान्त, आज से ठीक सौ साल पहले बने, पर्यटकों से महरूम और अमीरों की मनोरंजनगाह में कैद, स्मारक पर पहुँचने की इच्छा हुई.
    सुबह-सुबह बेटी से सम्बंधित अधिकारी से अनुमति हेतु प्रार्थना पत्र लिखने को कहा. बेटी ने मेरी जिज्ञासा पर प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा “ पापा ! उस जगह तो ऐसा कुछ नहीं सुना !! “ बहरहाल बेटी ने प्रार्थना पत्र लिख दिया. मैंने प्रार्थना पत्र के साथ एहतियातन अपने मतदाता पहचान पत्र की छाया प्रति भी संलग्न कर दी. हम दोनों भरी दुपहरी में उस स्थान पर पहुंचे तो सम्बंधित स्मारक पर जाने की अनुमति न मिल सकी !
     मैं निराश नहीं हुआ ! क्योंकि सम्बंधित स्मारक की तस्वीर के अतिरिक्त काफी कुछ जानकारी जुटा ली थी. अत; उस स्थान के सम्बन्ध में शीघ्र ही साझा करूँगा..

वापसी में सड़क पर नोएडा सैक्टर-29 में बने “ शहीद स्मारक “ का बोर्ड दिखा तो बाइक उसी दिशा में मोड़ दी. इस तरह आज का रविवार व्यर्थ होने से बच गया !!
    अनजाने में ही मेरे स्मृति पटल पर स्थान बना चुके, मातृभूमि पर कुर्बान, नोएडा के शहीदों की याद में बने शहीद स्मारक के सम्बन्ध में समय मिलने पर अवश्य साझा करूँगा.
स्मारक से लौटते हुए, स्मारक प्रवेश द्वार के बाहर लगी टैंक विनाशक तोप के साथ तस्वीर क्लिक करने का लोभ संवरण न कर सका.


Tuesday, 4 October 2016

नेहरु जी की ससुराल : हक्सर की हवेली ( Haksar ki haveli ) .. चांदनी चौक, दिल्ली




नेहरु जी की ससुराल : हक्सर की हवेली .. चांदनी चौक, दिल्ली ... ..

अतीत में सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रही, ऐतिहासिक हवेली, जो चांदनी चौक की भीड़-भाड़ में कहीं गुम हो गयी !  ...

     खजांची की हवेली में दोपहर हो चुकी थी. अब अगले गंतव्य की तरफ बढ़ना उचित समझा. सीता राम बाजार पहुंचकर हक्सर की हवेली का पता पूछा लेकिन इलाके के बुजुर्ग निवासी भी इस नाम की हवेली से अनजान थे !! काफी पूछने के बाद जब हवेली का पता न लगा तो गर्मी में भीड़-भाड़ वाली तंग गलियों में भटकते-भटकते झुंझलाहट होने लगी !
     कुछ देर सुस्ताने के बाद चाय बना रहे इलाके के पुराने बासिन्दे, जिनसे मैं पहले भी पूछ चुका था, हवेली से जुड़ी जानकारी साझा कर, पुन: हवेली का पता पूछने की हिम्मत की तो सज्जन चाय गिलास में डालते हुए मुस्कराकर कहने लगे . “ ओहो ! तो आप नेहरु जी की ससुराल के बारे में पूछ रहे हैं !” उनकी सकारात्मक मुस्कराहट से गंतव्य तक पहुँचने की कुछ आस जगी ! सज्जन के बताये अनुसार मैं सीताराम बाजार में चौरासी घंटा मंदिर के पास धामाणी मार्केट में तब्दील हो चुकी “ हक्सर की हवेली ‘ तक पहुँच गया.
    1850 से 1900 के दौर में कई कश्मीरी परिवार पुरानी दिल्ली में आकर बस गए थे उनमें से हक्सर ब्राह्मण परिवार भी एक था. आज भी चांदनी चौक की “ गली कश्मीरियाँ “ में चंद कश्मीरी परिवार तब की याद दिलाते हैं.
     कभी चांदनी चौक की पहचान रही और इतिहास में “ हक्सर की हवेली “ के नाम से मशहूर यह हवेली स्थानीय निवासियों में “ नेहरु जी की ससुराल “ के नाम से जानी जाती है . लन्दन से बैरिस्टरी कर ताजा -ताजा लौटे, 26 वर्षीय जवाहर लाल नेहरु, 8 फरवरी 1916 को दूल्हे के रूप में गुलाब की महकती पंखुड़ियों की बरसात के बीच, पूरी गली में बिछे शानदार गलीचों पर नाचते गाते, चांदी की गिन्नियां लुटाते उत्साहित बारातियों के साथ, जवाहर मल कौल और राजपती कौल के धर्मनिष्ठ कश्मीरी हक्सर ब्राह्मण परिवार की 17 वर्षीय पुत्री, कमला कौल से ब्याह रचाने बारात लेकर आये थे. इस विवाह में नेहरू परिवार के सभी सगे -संबंधी मौजूद थे.
     कभी शास्त्रीय संगीत, मुशायरा और कव्वाली आदि कार्यक्रमों की मेजबानी के कारण सांस्कृतिक केंद्र के रूप में पुरानी दिल्ली की पहचान रही इस हवेली में हक्सर परिवार पुत्री के विवाह के उपरान्त कुछ ही वर्ष रहा. उसके बाद 1960 में हक्सर परिवार ने इसे रतन खंडेलवाल को बेच दिया. इसके बाद ये हवेली चांदनी चौक की व्यावसायिक गतिविधियों की भेंट चढ़ गयी. अब हवेली का मुख्य द्वार, कुछ मेहराब व स्तम्भ और पुरानी खांचों से झांकते चंद कलात्मक कोने ही हवेली के सुनहरे अतीत के गवाह है. हवेली का वैभवशाली सांस्कृतिक अतीत अब दुकानों व अव्यवस्थित नीरस भवन संरचनाओं में तब्दील होकर चांदनी चौक की भीड़ में कहीं गुम हो गया है ! इस विवाह में नेहरू परिवार के सभी सगे-संबंधी मौजूद थे।
    इस हवेली में 1983 में तत्कालीन प्रधानमन्त्री इंदिरा गांधी इस हवेली में अपने ननिहाल का अहसास पाकर काफी भावुक हो गयी थी और इसको अपनी माँ की याद में अस्पताल में परिवर्तित करना चाहती थी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. कुछ समय बाद ही इंदिरा गांधी की हत्या कर दी गयी !
हवेली का उपेक्षित मौन मुख्य द्वार आज भी वरुण, राहुल और प्रियंका को अपनी गोद में दुलारने की आस में टकटकी लगाये दृढ़ता से खड़ा जान पड़ता है ! 






Friday, 30 September 2016

संरक्षण की गुहार लगाती “ खजांची की हवेली “ ( Khajanchi Ki Haveli ) : दरीबां, चांदनी चौक




संरक्षण की गुहार लगाती “ खजांची की हवेली “  : दरीबां, चांदनी चौक ....

       1650 में शाहजहाँ की प्रिय बेटी और वास्तुकार जहाँआरा ने लाल किले से फतेहपुरी मस्जिद के बीच 1520 गज लम्बी और 40 गज चौड़ी सड़क के दोनों ओर 1560 दुकानों वाले चांदनी चौक बाजार को मूर्त रूप दिया. बाज़ार तो समय के साथ स्वरुप बदलता गया लेकिन चांदनी चौक क्षेत्र में तत्कालीन ओहदेदारों, सेठ-साहूकारों व प्रतिष्ठित लोगों की अतिक्रमण ग्रस्त और खंडहर होती तत्कालीन हवेलियाँ आज भी उनमे उस समय बसने वाली रौनक को महसूस करा सकने में सक्षम हैं.
     लाल किले की तरफ से गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से पहले बायें हाथ पर दरीबां की तरफ नुक्कड़ पर सौ साल पुरानी जलेबी की दुकान, ‘जलेबी वाला’ है. वहीँ से दरीबां की तरफ कुछ आगे चलने पर बाएं हाथ पर गली खजांची का बोर्ड लगा दिख जाता है इस तंग गली के मुख्य द्वार से लगभग 50 मी. दूरी पर सैकड़ों वर्ष पुरानी अतिक्रमण ग्रस्त व खंडहर हालत में “ खजांची की हवेली “ तक पहुंचा जा सकता है.
इस गली में मुगलकाल में शाही खजांची का निवास होने के कारण गली का नाम, ' गली खजांची ' हो गया.
      कहा जाता है कि खजांची की हवेली से लाल किला तक राजकोष के धन को लाने- ले जाने की सुरक्षित व्यवस्था के मद्देनजर भूमिगत सुरंग थी जिसे बाद में लाल किला की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बंद कर दिया गया. खुले आसमान के नीचे मौसम की मार सहते, खँडहर हो चुकी हवेली के बचे-खुचे मेहराबों को सँभालने की कोशिश में आज भी जुटे सफ़ेद संगमरमर के स्तम्भों पर उत्कीर्ण संगतराशी के नमूने, आज भी हवेली के अतीत के वैभव को बयाँ करते जान पड़ते हैं. ताज महल के संगमरमर के जैसे पत्थर से बने सुन्दर छज्जों की जगह ईंट-गारे से निर्मित नीरस आकृतियों ने ले ली है.
    साझा संपत्ति की उलझन में रख-रखाव को तरसती बेजार बूढी हो चुकी हवेली हर पहुँचने वाले से अपने संरक्षण की गुहार लगाती सी जान पड़ती है. दिल्ली नगर निगम द्वारा अधिसूचित 767 संरक्षित, संरचनाओं और भवनों की सूची में इस हवेली का शामिल न होना ! आश्चर्यजनक महसूस होता है !! इसके विपरीत निगम की सूची को चुनौती देती Intach की जिस सूची में निगम से अलहदा 738 संरचनाओं व भवनों को शामिल किया गया है उसमे ‘ खजांची की हवेली ‘ को शामिल किया गया है ! जो निगम के सम्बंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिह्न है !!
        सैकड़ों साल के इतिहास की गवाह चांदनी चौक को विश्व विरासत शहर घोषित करने की बात तो अक्सर की जाती है लेकिन जिन विरासतों को लेकर यह बात कही जाती है वो विरासतें दिन प्रति दिन दुकानों, व्यावसायिक व अतिक्रमण गतिविधियों के कारण समाप्त होती जा रही हैं ! पूर्व शहरी विकास मंत्री श्री जगमोहन सिंह व सांसद श्री विजय गोयल द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण केसम्बन्ध में अच्छी पहल की गयी थी लेकिन इस सम्बन्ध में केंद्र सरकार की तरफ से त्वरित व कठोर दिशा निर्देश जारी करने की आवश्यकता है. क्योंकि कहा भी गया है कि जो अपने इतिहास को भुला देते हैं वो ज्यादा समय टिक नहीं पाते.. मिट जाते हैं !!
     यहाँ बस इतना ही ! अब चलता हूँ अपने अगले गंतव्य.... हक्सर की हवेली.. की तरफ ..


Thursday, 15 September 2016

सूत्रधार ....






सूत्रधार ....
               मकड़जाल की तरह गुंथी तंग गलियों में जहाँ घरों को शायद ही सूर्य की सीधी किरणें स्पर्श कर पाती हों ! ... चींटियों की तरह एक के पीछे एक चलते या यूँ कह लीजिए, रेंगते रिक्शे, दुपहिया वाहनों व चलते- फिरते लोगों की भीड़ से बचते-बचाते.. हवेलियों, कटरों, कूचों, छत्तों की बसागत वाली पुरानी दिल्ली (चांदनी चौक) में लक्षित स्थान तक पहुँच पाना, इलाके से अनभिज्ञ व्यक्ति के लिए अगर असंभव नहीं ! तो आसान भी नहीं है !!
              एकाधिक अवसरों पर व्यक्तिगत अनुभव हुआ कि इतिहास में स्थान जिस नाम से विख्यात होता है, वह स्थान या स्मारक, स्थानीय निवासियों में किसी दूसरे ही स्थानीय नाम से प्रचलित होता है !! इस स्थिति में सम्बंधित क्षेत्र में पहुँचने पर भी इच्छित जगह न मिल पाने के कारण मन में हताशा और निराशा घर करने लगती है. इस कारण थक हारकर बैरंग ही लौट चलने का जी करने लगता है.
            अक्सर महसूस किया है कि हताशा की इस स्थिति में यदि सब्र, नम्रता व व्यवहार कुशलता को माध्यम बनाया जाए तो अंत में कोई न कोई स्थानीय उम्र दराज निवासी आपको मंजिल तक पहुंचाने में मददगार साबित हो सकता है. इस प्रकार लक्षित स्थान मिलने पर जो खुशी मिलती है उसको शब्दों में बयाँ करना कठिन है। बस यूँ मान लीजिए ऐसा अनुभव होता है कि मानों संजीवनी बूटी मिल गई !
            भुलक्कड़ प्रवृत्ति का होने के कारण मुझे अक्सर इस तरह की परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है !चांदनी चौक क्षेत्र में इस बार स्थानीय निवासी श्री प्रवीण कुमार जी, स्थानीय अबूझ जानकारियों के सूत्रधार बने.. धन्यवाद श्री प्रवीण कुमार जी ..



Monday, 12 September 2016

बकरीद ( Bakreed )



राह चलते बस यूँ ही....

         गंतव्य की तरफ बढ़ रहा था तभी जामा मस्जिद से लाल किले की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों तरफ खूब चहल-पहल दिखाई दी. बकरों की खरीद-फरोख्त का बाजार लगा था. कौतूहल जगा ! बाइक एक तरफ खड़ी करके माहौल का आनंद लेने लगा. राजधानी में बकरीद के मुकद्दस मौके के करीब आते ही अन्य बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है.
       सुना है कि पुरानी दिल्ली के कबूतर बाजार में छोटे अली ने अपने बकरे की कीमत 64 लाख रुपये लगा रखी है. बकरे की खासियत यह है कि इसके शरीर में 'अल्ला हू' और '786' का निशान प्राकृतिक रूप से बना हुआ है.
     पिछले साल बकरीद (Bakreed ) से पहले राजस्थान में एक बकरे को खरीदने के लिए 48 लाख रुपए तक की बोली लग चुकी थी लेकिन बकरे के मालिक गोविंद चौधरी इसे 61 लाख रुपए से कम में नहीं बेचना चाहते थे. बकरे की देखभाल का तरीका आलीशान था. बकरे को बाकायदा कार से लाया ले जाया जाता था. और खाने में सिर्फ मेवे ही दिए जाते थे !
     कुर्बानी की सटीक और सारगर्भित व्याख्या तो मजहब के जानकार ही कर सकते हैं. मैं तो बस इतना जानता हूँ कि बेशक मजहब कोई भी हो लेकिन मजहबी परम्पराओं में प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से मानव कल्याणार्थ सार्थक सन्देश अवश्य होता है ! परम्परा को हम किस रूप में, किस तरह निभाते व अपनाते हैं ये व्यक्तिगत विषय हो सकता है लेकिन परम्परा में निहित सन्देश को देश-काल-परिस्थितियों के अनुरूप आध्यात्मिक, वैज्ञानिक व तथ्यपरक दृष्टिकोण अपनाते हुए सकारात्मक रूप से अपनाने की सम्यक आवश्यकता है ..
       बकरों के इस बाजार में क्रेता और विक्रेता दोनों में खरीद-फरोख्त को लेकर खूब उत्साह था...मेरे लिए यही एक कौतुहल का विषय था लेकिन मुझे अपने इच्छित गंतव्य पर भी पहुंचना था ... अधिक विलंब न करते हुए बढ़ चला अपने गंतव्य की ओर..