Sunday, 11 September 2016

गली खजांची है ... Gali Khajanchi





गली खजांची है ! मगर खजांची है न खजाना !!
अब यादों का मंजर हुआ एक खंडहर वीराना !!


Friday, 9 September 2016

झरना ( A Waterfall )




झरना

चलना नित
आगे बढ़ना
झर-झर
झरना कहता है
चलते जाना
जीवन है
रुक जाना
मौत समान है.

गति ही
चिर यौवन उसका
यौवन कब __
पीछे देखता है !!
गिरी शिखरों की
गोद से निकल
अब__
पत्थरों से भी टकराना है.
... विजय जयाड़ा

ऐतिहासिक पांडव कालीन श्री योगमाया मंदिर, मेहरौली, दिल्ली .. ( Yogmaya Mandir, Mehroli , Delhi, INDIA )



ऐतिहासिक पांडव कालीन श्री योगमाया मंदिर, मेहरौली, दिल्ली .. ( Yogmaya Mandir, Mehroli , Delhi, INDIA )

      मानवता से बड़ा कोई धर्म नहीं ! प्रथम मानव तत्पश्चात धर्म !!
       इस मन्दिर में आज भी गंगा जमुनी साझा तहजीब बसती है. गौर कीजियेगा तस्वीर में दिख रहे पंखों में साझा तहजीब देखी जा सकती है ..
        बेशक ये तस्वीर गुणवत्ता के मानदंडों पर खरी न उतरे लेकिन बहुत कुछ बोलती है !!


 

' घंटेवाला ' (Ghante Wala ) मिठाई की दुकान : चांदनी चौक दिल्ली ...




' घंटेवाला ' मिठाई की दुकान : चांदनी चौक दिल्ली ...

       जब भी चांदनी चौक जाता था तो “ घंटेवाला “ मिठाई की दुकान पर कुछ हल्का-फुल्का अवश्य खा लेता था लेकिन अबकी बार गया तो... दुकान ही न मिली ! अब वहां शो रूम मिला.
      इन्द्रप्रस्थ-लालकोट से शुरू हुआ दिल्ली का लगभग पांच हजार वर्षों का सफ़र, रायसीना की पहाड़ियों पर जा रुका लेकिन दिल्ली का मिजाज रोज बदल रहा है. कड़ी प्रतिस्पर्धा और निरंतर तकनीकी तरक्की के दौर में आम आदमी का खान-पान भी बदल रहा है. इस कारण आखिरकार 225 साल पुरानी देश-विदेश में प्रसिद्ध “ घंटे वाला “ मिठाई की दुकान 2 जुलाई 2015 को इस बदलाव की भेंट चढ़ गयी और चांदनी चौक की विशिष्ट पहचान, जो इतिहास के कई उतार चढाव की गवाह थी , हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में सिमट कर रह गयी !
     जब वर्ष 1790 में लाला सुखलाल जैन आमेर से दिल्ली आए, तो उन्होंने ठेले पर मिश्री-मावा बेचना शुरू किया, उस समय उन्होंने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि एक दिन चांदनी चौक जैसे मशहूर बाज़ार में न सिर्फ उनकी दुकान होगी, बल्कि ' 225 साल पुरानी दुकान ' के रूप में प्रसिद्धि भी हासिल करेगी. यही नहीं, 'घंटेवाला' ने देश के कई प्रधानमंत्रियों से लेकर कई मुगल बादशाहों और विदेशी प्रतिनिधियों तक की सेवा की है, इसके देसी घी और क्रीम से बने सोहन हलवे और कराची हलवे के सभी दीवाने थे.
       'घंटेवाला' नाम के पीछे भी एक कहानी है। पुराने वक्त में यह 'घंटेवाला' एक स्कूल के सामने ठेला लगाकर खड़ा हुआ करता था, जिसके घंटे की आवाज़ लालकिले तक सुनाई पड़ती थी। जब भी 'घंटेवाला' का घंटा बादशाह को सुनाई पड़ता, तत्कालीन मुग़ल बादशाह बादशाह शाह आलम अपने नौकर से 'घंटे के नीचे वाले हलवाई' से मिठाई लाने के लिए कहते थे. ये क्रम अंतिम मुग़ल बादशाह बहादुर शाह जफ़र तक चला.
       अब तो यह दुकान बंद हो ही चुकी है, लेकिन इसके मिष्ठान्नों और पकवानों के अनूठे स्वाद को लोग शायद कभी नहीं भूल पाएंगे.
      देश में इस तरह न जाने कितने स्वस्थ भारतीय पारंपरिक पुश्तैनी व्यवसाय, ' तरक्की ' की दौड़ में आर्थिक तंगी के कारण पिछडकर, रोज बहुराष्ट्रीय कंपनियों की भेंट चढ़ रहे हैं ! घरेलू व पारंपरिक लघु उद्योगों को सस्ती तकनीकी सहायता उपलब्ध करा कर बचाना आवश्यक है, क्योंकि इन उद्यमों पर देश की बहुत बड़ी आबादी प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से निर्भर है.. कुछ इसी उधेड़बुन में अगले गंतव्य की ओर बढ़ गया !!

Thursday, 8 September 2016

सबसे पुराना, ऊँचा और मोटा, देवदार वृक्ष (Oldest, Longest and Thick Trunked Devdar Tree)




सबसे पुराना, ऊँचा और मोटा, देवदार वृक्ष (Oldest, Longest and Thick Trunked Devdar Tree)    

चंद वर्षों के जीवन में ही दूसरों का सब कुछ लूटने की हवस रखने वाले मानव का दंभ तोड़ता भारत का ये सबसे पुराना, ऊँचा और मोटा, (Oldest, Longest and Thick Trunked Devdar Tree)    (6.35 मीटर)  देवदार वृक्ष अनुमानतः 1000 सालों से किसी से कुछ न लेकर और अपनी सेवा का ढ़ोल पीटे बिना, मौन, सभी को नि:स्वार्थ व नि:शुल्क प्राण वायु प्रदान कर रहा है.
     देहरादून, चकराता तहसील से लगभग 30 किमी. दूर,  समुद्र तल से लगभग 7000 फीट की ऊंचाई पर, कनासर के सघन देवदार वन क्षेत्र में, स्वयं में लम्बा इतिहास समेटे इस चिर यौवन लिए, मुस्कराते योगी को देखना कौतुहल उत्पन्न करता है ! इस वृक्ष के सानिध्य में सभ्यता व संस्कृति के न जाने कितने काफिले गुजरे होंगे ! न जाने कितने मानव वंशजों के उत्थान-पतन इस वृक्ष ने देखे होंगे .. अनुभव किये होंगे .. सुने होंगे !!


Monday, 29 August 2016

कुतुब मीनार दिल्ली .. ( KUTUB MINAR, DELHI)



          मेरे छुटकु कैमरे की नजर से  ... पत्थर और गारे से निर्मित, विश्व की सबसे ऊंची (72.5 मी.) मीनार, विश्व धरोहर कुतुब मीनार ( KUTUB MINAR)
          1963 में देवानन्द साहब ने इस मीनार में अपनी फिल्म " तेरे घर के सामने " के गीत .... दिल का भंवरा करे पुकार .. की शूटिंग करना तय किया था लेकिन उस समय के बड़े साइज के कैमरे मीनार में व्यवस्थित न हो सके ! फलस्वरूप देवानन्द साहब को कुतुब मीनार के मॅाडल में गाने का फिल्मांकन करके ही संतोष करना पड़ा।
          1981 में मीनार के अन्दर अचानक लाइट चली जाने से मीनार की 379 सीढ़ियों में मची भगदड़ से कई स्कूली छात्रों की मृत्यु के बाद आम जनता के लिए कुतुब मीनार के अन्दर प्रवेश निषिद्ध कर दिया गया।
           कुतुब मीनार के साथ, अलाई दरवाजा और इमाम ज़ामीन का मकबरा है।




Sunday, 21 August 2016

अंधे के हाथ बटेर !!



अंधे के हाथ बटेर !!

         विकास नगर, देहरादून  से कुछ दूरी पर लेकिन बैराठ खाई से पहले चालक ने भोजन के लिए जीप रोकी. इस छोटे से स्थान पर कुछ दुकानें थी. मैंने हल्का नाश्ता किया और कुछ तस्वीरें लेने लगा. अचानक उमड़ते-घुमड़ते बादलों का दृश्य मनोरम लगा लेकिन चश्मा जीप में ही छूट गया था और मेरे छुटकू कैमरे का ज़ूम भी ख़राब हो गया था.! इस कारण दृश्य कैमरे के स्क्रीन पर स्पष्ट नहीं दिख पा रहा था ! अंदाज से ही क्लिक कर लिया !! . इस तरह लग गया “ अंधे के हाथ बटेर !! “