Wednesday, 24 February 2016

घात लगा बैठा है दुश्मन ..



घात लगा बैठा है दुश्मन
  मौका देख रहा अविराम !
   मत भूलो !!
अहम् और स्वार्थ के कारण
   मानवता रही सदियों तक गुलाम !!
.. विजय जयाड़ा 
 
               विद्यालय परिसर में पेड़ पर पत्तों और झाड़ियों की ओट में शिकार की तलाश में घात लगाये ये बिल्ली रोज की तरह कल भी दिखी !! रोज कबूतरों को ऐसे स्थान पर दाना देता हूँ जहाँ ये बिल्ली उनको नुकसान न पहुंचा सके. लेकिन सोचता हूँ..कब तक कबूतरों को इस बिल्ली से बचा पाऊंगा !! क्योंकि ये बिल्ली घात लगाने का स्थान बदलती रहती है !! बिल्ली का भी दोष नहीं ! प्राकृतिक रूप से हिंसक है .. अतः कबूतरों को स्वयं भी सजग रहना होगा !

अतीत और वर्तमान !!



अतीत और वर्तमान !!

      आज विद्यालयों में अवकाश घोषित हुआ तो संरक्षित विरासत क्षेत्र, " हौज़खास विलेज " पहुंच गया। कुतुब मीनार के पास से गुजरते हुए, बिना पूर्व तैयारी के अचानक "अतीत और वर्तमान", लगभग 820 वर्ष के अन्तराल को एक साथ अपने छुटके से कैमरे में समेटने का ये प्रयास किया  ! 

चोर मीनार या “ Tower Of Thieves “ : दिल्ली



  चोर मीनार या “ Tower Of Thieves “ : दिल्ली

       हौज़ खास क्षेत्र में मेफेयर गार्डन के पास अरविंदो मार्ग पर हौज़खास एन्क्लेव पॉश रिहायसी इलाके में हरियाली की चादर ओढ़े कलात्मक प्रतिमा व आधुनिक फव्वारे से सज्जित गोल चक्कर तो समझ आता है लेकिन गोल चक्कर पर, संरक्षित “ चोर मीनार “ !! नाम पढ़कर आपको भी आश्चर्य हो रहा होगा !!
खिलजी काल (1290-1320) के दौरान चौकोर प्लेटफार्म पर ईंट गारे से बनी इस मीनार में 225 गोलाकार छिद्र हैं.
        इस मीनार का हर छिद्र उस काल में, प्रजा और आक्रमणकारियों को नसीहत देने के लिए चोरी करने वाले और शत्रु के बंदी सैनिकों के सिर काट कर उस पर सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए टांग दिए जाने का आज भी मूक गवाह है। शत्रु आक्रमण के समय शत्रु सेना के कमांडरों के सिरों को मीनार पर टांग दिया जाता था, सामान्य सैनिकों के सिरों से मीनार के पास ही पिरामिड बना दिया जाता था. उस काल में ये अवश्य सुनिश्चित किया जाता था कि राज्य या कानून के प्रति प्रतिकूल व्यवहार करने वाले का सिर काटकर यहाँ सार्वजनिक रूप से अवश्य प्रदर्शित हो.
          इस स्थान का इतिहास बहुत वीभत्स है कुछ इतिहासकार मानते हैं कि खिलजी ने पास की मंगोल आबादी में इसलिए नरसंहार करवाया था जिससे वे लोग पास में अपनी बिरादरी के (आज की मंगोल पुरी) में बसे मंगोल लोगों से न मिल सकें. मंगोल भारत पर आक्रमण न करें इसलिए उनमे दहशत उत्पन्न करने के लिए 8000 मंगोल सैनिकों के सिर काट कर उनको यहाँ पिरामिड के रूप में प्रदर्शित किया गया था ..
          इस स्थान को देखकर तत्कालीन न्याय प्रणाली और आज की न्याय प्रणाली की देश-काल और परिस्थितियों के परिप्रेक्ष्य में तुलनात्मक सार्थकता पर विचार मन में आते रहे !! कल्पना जगत में अनुभव करता रहा कि उस काल मे ये स्थान कितना मनहूस और भयानक माना जाता रहा होगा !! लेकिन आज ये स्थान बसावट के लोगों के मिलने का स्थान है छोटे-छोटे बच्चे यहाँ खेलते हुए दिख सकते हैं, उनको इस बात का तनिक भी आभास नहीं कि कभी इस जगह की मिटटी हमेशा मानव रक्त से सनी रहा करती होगी !!
          सोचता हूँ कोई स्थान कभी मनहूस नहीं होता, मानव ही अपने कारनामों से उस स्थान को शुभ या अशुभ बनता है .. आज इस मीनार के आस-पास का इलाका मनहूस नहीं !! बल्कि दिल्ली के पॉश इलाकों में शुमार किया जाता है !!


Saturday, 20 February 2016

दूसरी बार रेडियो आस्ट्रेलिया पर मेरी जुबानी ..



दूसरी बार रेडियो आस्ट्रेलिया पर मेरी जुबानी ; इतिहास के झरोखे से दिल्ली: सलीमगढ़ - स्वतंत्रता सेनानी स्मारक
...........................................................
साथियों, लिंक पर क्लिक कर अवश्य सुनिएगा ... सादर ....
http://www.sbs.com.au/…/en/content/swatantrata-senani-smarak
SBS Hindi Mr Vijay Jayara is an educationist and Historical Researcher whose passion it is to visit unknown Historical monuments and neglected Historical places. He tells us about a Memorial in the Salimgarh area within the Red Fort. Soldiers from the Indian National Army had once been imprisoned there.
शिक्षाविद और ऐतिहासिक स्मारकों के शोधकर्ता श्री विजय जयाड़ा हमें जानकारी दे रहे हैं लाल किल्ला परिसर के अनजाने हिस्से सलीमगढ़ में स्थित स्वतंत्रता सैनानी स्मारक के बारे में।
http://www.sbs.com.au/…/en/content/swatantrata-senani-smarak

क्या लिखूँ !!





  क्या लिखूँ !!

  कसमसाती है कलम !
कुछ लिखूँ
        मगर ____
  लिखूँ ! मगर क्या लिखूँ !
दिन को दिन लिखूँ
  दिन को रात लिखूँ !
   सोचता हूँ क्या लिखूँ !!
बसंत को बसंत लिखूँ
पतझड़ लिखूँ ! या
   पतझड़ को बसंत लिखूँ !!
कसमसाती है कलम !
   कुछ लिखूँ !!
सच को सच या
सच को झूठ लिखूँ !
        या _____
झूठ पर सच का
मुलम्मा चढ़ा कर लिखूँ !!
    झूठ-सच___
सब मन-मस्तिष्क में
सोचता क्यों ! क्या लिखूँ !
कसमसाती है कलम !
कुछ लिखूँ ...
ना बड़बोलों की जय लिखूँ
ना अपनी ही मैं जय लिखूँ
      अगर मैं कुछ लिखूँ___
हर धड़कन में बसने वाली
       भारत मां तेरी जय लिखूँ___
   भारत भूमि की जय लिखूँ ....

.. विजय जयाड़ा 20.02.16

Tuesday, 9 February 2016

महरौली का पुरातत्व उद्यान... दिल्ली



महरौली का पुरातत्व उद्यान... दिल्ली

                 पर्यटक प्राय: क़ुतुब मीनार और उससे लगे स्मारकों को देख वापस कर चल देते हैं लेकिन क़ुतुब मीनार से कुछ ही दूर, महरौली का पुरातत्व उद्यान, शहर के शोरशराबे से थकी दिल्ली को अतीत के आंगन में सुकून के कुछ पल गुजारने की दावत देता है। हालंकि इस तरफ कम पर्यटक रुख करते हैं लेकिन यह पार्क इतिहास की दिलचस्प किताब जैसा है ! इसमें करीने से सजाई गई फूलों की क्यारियों, कीकर और बबूल के दरख्तों और जंगली झाड़ियों के बीच तोमरों से लेकर अंग्रेजों के जमाने तक तकरीबन 1000 बरसों की यादें बिखरी पड़ी हैं।
             कुतुब मीनार के दक्षिण में अणुव्रत मार्ग पर लगभग 200 एकड़ में फैले इस पार्क में 100 से ज्यादा पुरानी इमारतों के खंडहर हैं। इनमें से सिर्फ कुछ ही के बारे में पूरी जानकारी है। बाकियों की बनावट को देख कर सिर्फ उनके निर्माण के काल के बारे में अनुमान लगाया जा सकता है। इन खंडहरों को उस वक्त का इंतजार है जब पुरातत्वविद् उनकी पहचान को परिदृश्य पर ला सकेंगे। खंडहरों को देखकर सामान्य रिहायश, समृद्ध लोगों के घर, मुलाजिमों के आवास व बाजार का मोटा-मोटा अनुमान लगाया जा सकता है.
             जानकारों के मुताबिक इस पार्क के टीलों के नीचे पहली और दूसरी दिल्ली - लालकोट और किला राय पिथौरा के अवशेष दफन हैं। 631 में अनंगपाल प्रथम द्वारा अरावली की पथरीली पहाड़ियों पर सूरज कुंड को आबाद करने के बाद तोमर राजा अनंगपाल द्वितीय ने 1060 में लालकोट को अपना शक्ति केंद्र बनाया और लालकोट ही प्रथम दिल्ली कहलाता है. किला राय पिथौऱा को पृथ्वीराज चैहान ने इससे लगभग सवा सौ साल बाद बनवाया था। अलाउद्दीन खिलजी के जमाने में इस इलाके में घनी आबादी थी।


Tuesday, 2 February 2016

महाभारत कालीन योगमाया मंदिर, महरौली, दिल्ली



महाभारत कालीन योगमाया मंदिर, महरौली, दिल्ली

             भले ही ढ़िल्लू की दिल्लिका का सफ़र लाल कोट से लगभग 1000 वर्षों का सफ़र तय करता हुआ रायसीना की पहाड़ियों पर नई दिल्ली के रूप में परिवर्तित होकर थम गया लेकिन इस दीर्घ कालावधिक यात्रा में उसने कई राजवंशों का उत्कर्ष व पराभव देखा. लगभग 5000 साल पूर्व महाभारत काल में इन्द्रप्रस्थ से प्रारंभ दिल्ली का इतिहास अनुमानों, कहानियों व श्रद्धा तक ही सीमित रहकर लाल कोट ( प्रथम दिल्ली) से पहले ही न जाने कहाँ समाप्त हो गया ! ! केवल 1100 के बाद का इतिहास ही क्रमबद्ध रूप से उपलब्ध है.
        महाभारत काल का जिक्र किया तो ये भी कहना चाहूँगा कि दिल्ली में पांच स्थान महाभारत काल से जुड़े माने जाते हैं .. योगमाया मंदिर, महरौली.. पुराना किला, कालका जी मंदिर, यमुना बाजार स्थित, मरघट वाले बाबा, हनुमान मंदिर और निगम बोध घाट.
        रविवार को बदली भरे मौसम में महरौली का रुख किया. लेकिन अबकी बार क़ुतुब मीनार से 100-150 गज की दूरी पर स्थित महाभारत कालीन योगमाया मंदिर पर पहुँच गया. मूल रूप में इस मंदिर का निर्माण, महाभारत उपरान्त पांडवों द्वारा किया गया माना जाता है. जैन धर्म ग्रंथों के अनुसार इस स्थान पर रहने वाले बासिंदों की माँ योगमाया (कंस ने धोखे में कृष्ण के स्थान पर जिस कन्या को मारने की कोशिश की थी) में अटूट श्रद्धा के कारण इस स्थान को योगनीपुरा नाम से जाना गया है. कहा जाता है कि पृथ्वीराज चौहान को परास्त करने के बाद मुहम्मद गौरी ने जिन 27 हिन्दू और जैन मंदिरों को ध्वस्त करवाया उनमे योगमाया मंदिर भी था, बाद में हिन्दू सेनापति हेमू ने पुन: इस मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया.
        मंदिर के गर्भ गृह में संगमरमर के छोटे कुंड में माँ योगमाया की काले पत्थर से बनी मूर्ती है. मंदिर परिसर से सटे ऊँचे आवासीय मकानों व मंदिर के नवीनीकरण के कारण मंदिर की पुरातन छवि परिदृश्यत नहीं होती. काफी खोजने के बाद भी मंदिर में कोई पुरातन अवशेष न मिल सका जिसका मुझे मलाल अवश्य रहा.. सोचता हूँ पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार इस तरह किया जाना चाहिए की उनकी पुरातन छवि बनी रहे.. उनसे उस काल की महक आती रहे.
        1812 में प्रारंभ धार्मिक सौहार्द के उत्सव, “फूल वालों की सैर” या “सैर-ए-गुल फरोशा” के कारण इस मंदिर में हिन्दू और मुस्लिम समुदाय दोनों की पहुँच है. बांटो और राज करो की नीति के अंतर्गत अंग्रेजों ने 1942 में सामाजिक सौहार्द के पर्व “फूल वालों की सैर” या सैर-ए-गुल फरोशा के आयोजन पर प्रतिबन्ध लगा दिया था जिसे पंडित नेहरु के आग्रह पर 1961 में पुन: प्रारंभ कर दिया गया. इस उत्सव में मुस्लिम सम्प्रदाय के लोग मन्दिर में फूलों का पंखा चढ़ाते हैं।( फूल वालों की सैर बारे में फिर कभी )