Saturday, 26 September 2015

हुमायूँ का मकबरा : दिल्ली



  हुमायूँ का मकबरा : दिल्ली



ताउम्र भटका वो दर- बदर,
सितमगर को सुकूं न मिला !!
मिला सुकून ताबूत में, मगर
पहरे पर सितमगर ही मिला !!
.. विजय जयाड़ा
        4-5 दिन से घर में रजाई में बैठे-बैठे उबाऊ महसूस कर रहा था कल धूप निखर आई तो उत्साह और उमंग का संचार हुआ और पहुँच गया उस अभागे बादशाह के चिर शयन स्थल पर, जो जीवन भर, कपटी व विश्वासघाती भाइयों के चलते कभी चौखंडी (वाराणसी) के स्तूप में छिपने को मजबूर हुआ, कभी जान बचाने की खातिर गंगा में कूदा, कभी पर्सिया पहुँचने की चाह में बीहड़ जंगलों में भूखा प्यासा चलता रहा, आठ माह की गर्भवती पत्नी, (जो जन्म के बाद अकबर कहलाया) जिसे देखभाल की जरुरत थी, उस पत्नी को लेकर थार मरुश्थल की भीषण गर्मी में प्यासा लाचार सा भटकता रहा !!
       जी हाँ , आप बिलकुल सही समझे.. ये 1572 में, हुमायूँ की विधवा पत्नी हामिदा बानो बेगम के निजी धन, 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित और मुग़ल साम्राज्य की नीव डालने वाले बदनसीब बादशाह हुमायूँ (6 मार्च 1508 – 22 फरवरी, 1556) का मकबरा है
        भारत में मुग़ल स्थापत्य की शरुआत इसी मकबरे से हुई कहा जाता है कि ताजमहल के निर्माण का प्रेरणास्रोत हुमायूँ का मकबरा ही है, भारत में यहीं से बाग़ में बने मकबरों में बादशाह को दफ़नाने की परंपरा शुरू हुई. ताजमहल की तरह चारबाग शैली में निर्मित ये मकबरा ताजमहल जैसा ही प्रतीत होता है . गर्भ गृह में हुमायूँ की कब्र है और साथ के कक्षों में दारा शिकोह समेत शाही परिवार की दस अन्य कब्रें हैं..
       1540 में भाइयों के विश्वासघात व शेरशाह सूरी के अधिपत्य के बाद हुमायूँ लगभग 15 साल निर्वासित जीवन जीने को विवश हुआ था. कठिन परिस्थितियों से गुजरते हुए 1555 में हुमायूँ ने अपना साम्राज्य पुन: प्राप्त किया. हुमायूँ को पढने का बहुत शौक था दीनापनाह (पुराने किले) में “शेर मंडल” लाइब्रेरी में हुमायूँ नियमित अध्ययन करने जाता था. एक दिन अजान की पुकार सुनकर हुमायूँ दोनों हाथो में पुस्तकें लेकर तेजी से सीढ़ियों से उतर रहा था तो ठोकर खाकर कई सीढ़ी नीचे आ गिरा यही घटना उसकी मौत का कारण बनी. कठिनायों से दुबारा प्राप्त साम्राज्य का उपभोग भी न कर सका !!
हुमायूँ के बारे में कहा जाता है .... “ हुमायूँ, जीवन भर ठोकरें खाता रहा और उसके जीवन का अंत भी ठोकर खाकर ही हुआ !!”
       पिता, बाबर को मरते समय दिए गए वचन कि.. " भाइयों के विरुद्ध कभी दंडात्मक कार्यवाही मत करना बेशक वे दंड के पात्र ही क्यों न हों".., को हुंमायूं ने जीवन भर निभाया. हुंमायूं को शालीन व्यक्तित्व के कारण मुगलों में इंसान-ए-कामिल (Perfect Man) की उपाधि मिली थी.
मृत्यु के बाद हुंमायूं को पुराना किला में दफना दिया गया लेकिन 1558 में हिन्दू राजा हेमू ने जब पुराना किला पर अधिकार कर लिया तो भागते मुग़ल सैनिकों ने ये सोचकर कि हेमु, हुमायूं की कब्र से बदसलूकी करेगा !! हुमायूँ को कब्र से निकालकर सरहिंद ले गए !! इस तरह मरने के बाद भी हुंमायूं को एक जगह ठहरकर विश्राम करने को न मिल सका !!!!
      1857 के स्वतंत्रता संग्राम के बाद यहाँ छिपे बहादुर शाह जफर को 17 संबंधियों सहित इसी मकबरे से अंग्रेजों ने बंदी बनाकर मुगल साम्राज्य का सूरज अस्त कर दिया था।  इस मकबरे को यदि दिल्ली का लाल पत्थर से बना ताजमहल कह दिया जाय तो शायद अतिश्योक्ति न होगी !!

" नटराज दही-भल्ला कॅार्नर " : दिल्ली


 
 

" नटराज दही-भल्ला कॅार्नर " : दिल्ली

 
                सैर सपाटे पर निकले हों और खाने –पीने की बात न हो तो कुछ अधूरा सा लगता है !! हालाँकि घर से बाहर खाना मेरे लिए उत्साह का विषय नहीं है लेकिन कटरा नील में, राय चुन्नामल की हवेली से लाल किला की और बढ़ते हुए, भाई मतिदास चौक के पास, , 1940 में स्थापित “ नटराज दही भल्ला कॅार्नर “ सामने दिखें तो लोभ संवरण कर पाना कठिन हो जाता है.
                   इस दुकान के विशेष सौंठ व मेवे युक्त स्वादिष्ट दही भल्ले कई प्रसिद्ध शख्सियतों की यादें संजोये हुए है. आज 50 रुपये में मिलने वाले दही भल्लों ने कई शख्सियतों को इस दुकान का रुख करने को मजबूर किया हर दिल अजीज लाल बहादुर शास्त्री जब ताशकंद गए थे तो अपने साथ यहीं से दही भल्ले पैक करवाकर साथ ले गए थे.जनप्रिय नेता अटल जी भी अक्सर यहाँ दही भल्लों का आनंद लेने आया करते थे. स्टंट किंग अक्षय कुमार जब चांदनी चौक में रहते थे तो अक्सर इस दुकान पर आते थे .
                केवल चांदनी चौक तक ही सीमित न रहकर, “ नटराज के भल्ले “ कई दूसरे देशों में भी निमंत्रण पर जाकर अपनी पाक कला के जादू से विदेशियों को भी सम्मोहित कर चुके हैं ..
 
 

परम्परागत पौष्टिक नाश्ता :चटनी और मक्खन के साथ मंडुवे (कोदा, रागी) की रोटी


 

परम्परागत पौष्टिक नाश्ता

चटनी और मक्खन के साथ  मंडुवे (कोदा, रागी)  की रोटी

            ठण्ड के मौसम में दिन भर घूमने का इरादा हो और चूल्हे के पास बैठकर सुबह-सुबह मक्खन और चटनी के साथ मंडुवे (कोदा, रागी) की दो गर्मागर्म रोटी नाश्ते में मिल जाय !! फिर तो नाश्ते का आनंद कई गुना बढ़ जाता है ! ये पौष्टिक नाश्ता मेरे लिए दिन भर ऊर्जा देने के लिए पर्याप्त ईंधन है..
          कहा जाता हैं इतिहास स्वयं को दोहराता है या यूँ कहिये !! अनुपलब्धता, मानव मन को किसी वस्तु के प्रति अधिक आकर्षित करती है !! पहले इस भोजन को गरीबों का मोटा-सोटा भोजन कहकर दोयम दृष्टि से देखा जाता था. आज उत्तराखंड की शादियों में देखता हूँ पढ़े-लिखे, सूटेड-बूटेड संभ्रांत लोग कोदे की रोटी की लालसा में कतार में खड़े दिखाई देते हैं !! 
          कई रेस्टोरेंट्स के मेन्यु में उत्तराखंड के परम्परागत, बाड़ी, झंगोरा, फाणु, चैंस्वांड़ि पल्यो (छंछेड़ु), गथवाणीं, भट्वाणी, कंडाली साग, धाबड़ी, लेंग्ड़ा, कंकोड़ा आदि पकवानों को स्पेशियल रेसिपी के रूप में शुमार किया जाता है. इन पकवानों को कभी गरीबों का भोजन मानकर पकवानों में दोयम श्रेणी में रखा जाता था !!
             शायद !! शिक्षा के प्रसार व मानव में विश्लेष्णात्मक अभिवृत्ति के विकास ने इन पकवानों की पौष्टिकता से रूबरू कराकर, आधुनिकता की चकाचौंध में इन रसायन व कीटनाशक रहित अनाज से बने पकवानों से विमुख हुए मानव को पकवानों के माध्यम से अपनी स्वस्थ संस्कृति व पर,म्पराओं की ओर आकर्षित करना प्रारंभ कर दिया है !! मैं इसे शुभ संकेत ही कहूँगा .

चलती-फिरती बोलती किताबें; हमारे बुद्धिजीवी सम्मानित बुजुर्ग





चलती-फिरती बोलती किताबें; हमारे बुद्धिजीवी सम्मानित बुजुर्ग


            नरेन्द्र नगर में मौसम बहुत ठंडा था तो साले श्री गोपाल तड़ियाल ने दिन के भोजन के उपरान्त धूप में बैठने का आग्रह किया. छत पर पहुंचे ही थे कि क्यारी में टहल रहे बुजुर्ग की ओर इशारा करते हुए कहा... “ जीजा जी !! ये मेजर साहब हैं इनके बड़े भाई पंचांग लिखते हैं.”
           उत्तराखंड में पंडित, शुभ मुहूर्त आसानी से ज्ञात करने के लिए महीधरी पंचांग का बहुत पुराने समय से उपयोग करते आये हैं. जिज्ञासु मन में उत्सुकता उत्पन्न हुई और हम दोनों उनके घर की ओर बढ़े.. दूर से ही दूसरे बुजुर्ग भी गेट बंद करते आते दिखे.
           तस्वीर में बैठे बुजुर्ग धर्माधिकारी शक्तिधर जी हैं और खड़े बुजुर्ग, छोटे भाई सेवानिवृत्त मेजर मुरलीधर जी हैं.. बातों का सिलसिला प्रारंभ हुआ धर्माधिकारी शक्तिधर जी ने महीधरी कीर्ति पञ्चांग की पृष्ठभूमि को बताने के क्रम में बताया कि टिहरी के राजा कीर्ति शाह के काल में उनके पड़दादा महीधर जी, कर्णाटक से बदरीनाथ यात्रा पर आये थे. राजा उनके ज्ञान से प्रभावित हुए. राजा द्वारा महीधर जी को धर्माधिकारी की उपाधि व श्रीनगर के पास डांग गाँव में 19 नाली जमीन दी गयी. इस प्रकार मूल रूप से कर्णाटक का यह परिवार उत्तराखंड की संस्कृति में धर्माधिकारी महीधर डंगवाल के नाम से सदा के लिए रच-बस गया..
            राजा कीर्ति शाह ने प्रिटिंग प्रेस की दुर्लभता के युग में व्यक्तिगत प्रयासों से धर्माधिकारी महीधर जी द्वारा लिखित पंचांग को, श्री बग्तेश्वर प्रेस, बम्बई से छपवाना प्रारंभ किया वहां से ये पंचांग 31 वर्ष तक छपता रहा उसके बाद अब अवध प्रकशन , लखनऊ इसका प्रकाशन करता है. धर्माधिकारी महीधर जी ने अपने जीवन काल में ही 100 वर्षों के लिए हस्त लिखित पंचांग लिख कर रख दिए थे. धर्माधिकारी शक्तिधर जी ने बताया कि उनके दादा धर्माधिकारी रोहिणीधर जी को संगीत में अधिक रुचि थी लेकिन उनके पिता धर्माधिकारी मेदनी धर जी ने इस परम्परा को आगे बढाया उन्होंने ही राजशाही में स्कूलों में की जाने वाली लोकप्रिय प्रार्थना “ रक्षतु बोलांदा बद्री जननी सिंह वाहिनी .. “ लिखा था. वे शक्तिधर जी को गणितीय गणनाएं करने को दे दिया करते थे.इस प्रकार शक्तिधर जी का ज्ञान पुख्ता होता गया. 84 वर्षीय, धर्माधिकारी शक्तिधर जी ने भारतीय सेना व CRPF से सेवानिवृत्त हैं. 
              आज महीधरी कीर्ति पंचांग को बनारस के पंडित केदारनाथ कपूर लिखते हैं लेकिन प्रेस द्वारा प्रूफ रीडिंग के लिए पंचांग  धर्माधिकारी शक्तिधर जी के पास ही आता है... और उनकी संस्तुति पश्चात ही प्रकाशित होता है।
               प्रकाशन उपरांत पंचांग की प्रथम प्रति श्री बदरीनाथ जी को समर्पित की जाती है दूसरी प्रति टिहरी महाराजा (बोलान्दा बद्री) को समर्पित करने के उपरांत बाजार में विक्रय हेतु जारी करने की परंपरा 131 वर्ष से आज भी निरंतर चली आ रही है.. साथियों, बातचीत के क्रम में राजशाही के दौर की कई ऐसी जानकारियों से रूबरू हुआ जिनसे मैं वाकिफ न था .. 



Wednesday, 23 September 2015

ऋषिकुंड, ऋषिकेश



ऋषिकुंड, ऋषिकेश


           त्रिवेणी घाट को यदि ऋषिकेश का ह्रदय स्थल कहा जाय तो अतिशयोक्ति न होगी. श्रृद्धालु यहाँ स्नान अवश्य करना चाहते हैं. जब भी "त्रिवेणी घाट" जाता था, इस नाम की सार्थकता के बारे में विचार अवश्य करता था !! क्योंकि यहाँ पर एक ही नदी , गंगा जी के दर्शन होते हैं .. फिर इस घाट का नाम “ त्रिवेणी घाट “ क्यों !! क्या ये श्रृद्धापूर्वक दिया गया नाम है या हकीकत !! कई प्रश्न मन में उठते थे..
             इस बार जिज्ञासा का ज्वार कुछ अधिक प्रबल हुआ और पहुँच गया त्रिवेणी घाट.. ऋषिकेश .
साथियों, त्रिवेणी घाट परिसर में प्रवेश करते ही दायें हाथ की तरफ कुछ सीढियां हैं यदि आप चढ़ेंगे तो “ऋषि कुण्ड” के दर्शन कर सकेंगे. 142 वर्ग फीट क्षेत्र में बने इस प्राचीन कुंड का जीर्णोद्धार टिहरी के महाराजा ने किया था. कुंड के वास्तु निर्माण में आज भी उसी प्राचीनता के दर्शन किए जा सकते है।
          कहा जाता है कुब्ज ऋषि ने “त्रिवेणी जल” की प्रत्याशा में इस स्थान पर जमुना माँ के अवतरण हेतु कई ऋषियों के साथ मिलकर तप किया, प्रसन्न होकर जमुना जी ने प्रकट होकर इस कुंड के जल को अपने जल से सान्ध्रित कर दिया, भूमि गत जल होने के कारण कुंड का जल गर्म रहता है. साथ ही इस जल में जीवाणु नाशक गुण भी है, कुंड के सामने प्राचीन रघुनाथ (राम) जी का मंदिर है, जिसका मनोरम प्रतिबिम्ब कुंड के बीचों-बीच देखा जा सकता है, कहा जाता है भगवान राम ने वनवास काल में यहाँ स्नान किया था.
          त्रिवेणी घाट परिसर के प्रवेश की बायीं तरफ से सरस्वती नदी, सीधा गंगा जी में मिलती थी, जो कालांतर में सूख गयी. प्राचीन समय में लोग गंगा जी से जल भरकर, जिसमे सरस्वती नदी का जल मिश्रित होता था, को इस कुंड में डालते थे. कुंड के भूमिगत गर्म जल व उसमे सान्ध्रित जमुना जी के जल में मिश्रित हो जाने से कुंड का जल, " गंगा-यमुना- सरस्वती" अर्थात "त्रिवेणी जल" हो जाता था इस प्रकार प्राचीन समय में श्रृद्धालु “त्रिवेणी संगम” जल स्नान का लाभ इस कुंड पर प्राप्त करते थे. त्रिवेणी होने के कारण इस कुंड में पितरों को तर्पण भी दिया जाता है. इस कारण इस घाट को "त्रिवेणी घाट " नाम से जाना जाता है .. त्रिवेणी घाट से ही गंगा जी दाहिनी तरफ रुख करती हैं इस कारण इस स्थान का महत्व और अधिक हो जाता है।
         यकीन कीजियेगा, अधिकतर ऋषिकेश निवासी, ऋषिकेश के ह्रदय स्थल पर स्थित इस कुंड की पवित्रता, महत्व व प्राचीनता से अनभिज्ञ हैं. ऐसे धर्म स्थलों का प्रचार-प्रसार कर, धार्मिक भावना जगाने के साथ-साथ पर्यटन विकास के द्वारा राजस्व में वृद्धि अवश्यंभावी है 
 
 

चलता - फिरता - बोलता इतिहास : हमारे बुजुर्ग



 चलता - फिरता - बोलता इतिहास : हमारे बुजुर्ग


                तेज रफ़्तार जीवन ने मनुष्य की दिनचर्या बदल कर रख दी है. एक समय था जब बच्चे घर के बुजुर्गों के इर्द-गिर्द ही रहा करते थे, उनसे कहानी- किस्सों व व्यवहार से जाने-अनजाने में समृद्ध संस्कार प्राप्त करते थे लेकिन आज, मजबूरी कहिये या स्वच्छंदता में हस्तक्षेप बर्दाश्त न करने की मानसिकता के कारण एकल परिवार संस्कृति विकसित हुई है. बच्चे बुजुर्गों से दूर होते जा रहे हैं. इस क्रम में अपनी सभ्यता,संस्कृति व इतिहास से दूरियां बन जाना स्वाभाविक सी बात है !! खैर इस सम्बन्ध में फिर कभी चर्चा करूँगा ..
               यहाँ यह कहना चाहता हूँ कि हमारे बुजुर्ग, इतिहास की चलती - फिरती - बोलती पुस्तकें, गवाह और संस्कृति के संवाहक हैं. परम्परिक शिक्षा के अभाव में, बेशक उनके पास तथ्यपूर्ण जानकारी न हो लेकिन उनसे प्राप्त सांकेतिक जानकारी व अनुभवजनित विचार, विषय सापेक्ष रोचकता उत्पन्न करती है जो हमें शोध की तरफ प्रेरित अवश्य करती है. जब भी ससुराल जाता हूँ तो 85 वर्षीय, ससुर जी, आदरणीय श्री सिंगरोप सिंह तड़ियाल जी के सानिध्य में रात को एक-दो घंटे अवश्य व्यतीत करता हूँ ..            यह सानिध्य समय केवल पुराने समय की घटनाओं, संस्कृति, परिवेश व सामाजिक व्यवस्था पर ही केन्द्रित होता है... .जिस सफ़ेद लोई (शाल) को हमने ओढ़ा हुआ है उसे ससुर जी ने स्वयं 40 वर्ष पहले तैयार किया था।
              जहाँ कहीं भी जाता हूँ बुजुर्गों से मिलने का उत्साह रहता है . बुजुर्ग रूपी बरगद की स्नेह छाँव में जिज्ञासा शांत करने का कुछ अलग ही आनंद है, साथ ही स्नेह आशीर्वाद भी प्राप्त होता है . लेकिन विडंबना ये है कि हम स्वयं को आधुनिक दिखाने की होड़ में बुजुर्गों की बातों को गुजरे जमाने की और दकियानूसी बातों की संज्ञा देकर प्रायः नज़रंदाज़ ही करते हैं ! इस प्रकार एक काल खंड के अनुभवों से हम महरूम रह जाते हैं !! बुजुर्गों के प्रति हमारे व्यवहार को देखकर हमारी संतान भी बुजुर्गों की बात को महत्व नहीं देती ! 


 

दिल कहे रुक जा रे रुक जा ....



दिल कहे रुक जा रे रुक जा ....
यहीं पर कहीं....
जो बात ..... जो बात
इस जगह .... वो कहीं पर नहीं ....