Wednesday, 23 September 2015

" अल्मोड़ा " ; एक उपयोगी घास


" अल्मोड़ा " ; एक उपयोगी घास


... खुदेंदु अल्मोड़ा ...
जिला कु नो नि सम्झ्याँ
घास कु नो अल्मोड़ा छ
पाखों बिट्टो मिळ्दु खूब
   स्वाद माँ खट्टू हौंदु छ..

चटणी खूब स्वाद बणदि
विटामिन “सी” भरपूर छ
आयरन भी खूब मिळ्दु
    ये सि बचपना कि प्रीत छ...

रूडियों मा गदगदा पत्तों की
चटणी कु अलग आनंद छ
ह्युंद किड्या सि हवे जांदु
    पाखा बिटटों लाल रंगणुं छ...

नौना बोळ्युं नि माणदा
कंडाळी पुराणु इलाज छ
कंडाळी का झमणाट कु
     अल्मोड़ा पेटेंट इलाज छ....

कंडाळी का साग तैं
अल्मोड़ा सुस्वादु बणोंदु छ
नया ज़माना माँ बैठक कि
    अल्मोड़ा शान अब बढोणु छ ...

उत्तराखंडी अब परदेशी ह्वेन
नौना बाळा कम ही जांणदन
पाखा बिटटो खड़युँ अल्मोड़ा
   सुनसान बाटों देखि खुदेणु छ !!

..विजय जयाड़ा 21.04.15
                  ये उत्तराखंड में ऊँचाइयों पर पायी जाने वाली, विटामिन C व आयरन से भरपूर सदाबहार अल्मोड़ा घास है. खाद्य के रूप में इसे क्षुधावर्धक चटनी बनाने में और कंडाली (बिच्छु घास) के साग में डालकर खाया जाता है. कंडाली के पत्तों के स्पर्श से त्वचा में उत्पन्न पीड़ादायक झनझनाहट को उस स्थान पर अल्मोड़ा के पत्तों को रगड़ने से समाप्त किया जा सकता है. मछर के काटने पर भी ऐसा ही किये जाने से जलन ख़त्म हो जाती है.. अब इस घास का उपयोग सजावट के लिए भी किया जाता है..

Tuesday, 22 September 2015

“ खूनी दरवाजा “ दिल्ली



“ खूनी दरवाजा “ , दिल्ली


              पुरानी जेल (मौ. आ. मेडिकल कॉलेज) के ठीक दूसरी तरफ,दिल्ली गेट के समीप बहादुर शाह जफ़र मार्ग पर स्थित, शेरशाह सूरी द्वारा निर्मित 15.5 मी. ऊँचा, मुग़ल काल में दीवारों से घिरी दिल्ली के ठीकठाक बचे 13 गेटों में से एक , इस लाल दरवाजे पर इतने क्रूर अमानवीय घटनाओं को अंजाम दिया गया कि इसका नाम, लाल दरवाजे से “ खूनी दरवाजा “ हो गया !!
             1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के समय जब बहादुर शाह जफ़र को आत्म समर्पण के लिए मजबूर होना पड़ा तो अगले ही दिन 22 सितम्बर 18५७ को उनके परिवार के 16 लोगों ने भी बिना शर्त आत्म समर्पण कर दिया. अंग्रेज कैप्टन हडसन उनके पुत्रों, मिर्ज़ा मुग़ल और किज़्र सुल्तान और पोते अबू बकर लेकर जब सैनिकों के साथ इस दरवाजे पर पहुंचा तो उसने स्वयं को सिर पर कफ़न बांधे हजारों मुस्लिमों से घिरा पाया !! कहीं भीड़ शहजादों को छुड़ा न ले इस भय से हडसन ने तीनो शहजादों के उपरी वस्त्र उतरवाकर तलवार से सिर काट दिए. इस घटना में मतभेद हैं ऐसा भी कहा जाता है कि गोली मारकर उनके शव को कोतवाली के सामने आम जनता में प्रदर्शन हेतु रखा गया..
            इस घटना के अलावा इसी स्थान पर जहाँगीर ने अब्दुल रहीम खानखाना के दो पुत्रों की हत्या कर उनके शवों को सड़ने के लिए छोड़ दिया था !! अमानवीय घटनाओं का दौर यहीं समाप्त नहीं हो जाता !! औरंगजेब ने सिहांसन की लडाई में अपने बड़े भाई दारा शिकोह का क़त्ल करके उसका सिर इसी दरवाजे पर टांग दिया था.
            मुग़ल काल में खूनी दरवाजे से जुडी कई दरिंदगी की घटनाएँ हैं.. 1947 में आजादी के समय पुराने किले में बने शरणार्थी शिविरों की तरफ जाते हुए शरणार्थियों के नर संहार का गवाह भी यही खूनी दरवाज़ा ही है !!
             इस दरवाजे पर दिसंबर 2002 में मेडिकल छात्रा से हुए बलात्कार के बाद ये दरवाज़ा फिर से सुर्ख़ियों में आया और उसके बाद इसे आम जनता के लिए सील कर दिया गया है !
साथियों, कोई स्थान शुभ या अशुभ नहीं होता मानवीय कृत्य उस स्थान को शुभ या अशुभ बना देते हैं. महाभारत धारावाहिक का “ शीर्षक गीत “ इतिहास के सन्दर्भ में बहुत सुन्दर और सारगर्भित सन्देश देता है.. “ सीख हम बीते युगों से नए युग का करें स्वागत ....” . आज अपने दोनों तरफ भागती- दौड़ती गाड़ियों के बीच खड़ा खूनी दरवाजा, मानवता को अमानवीय कृत्यों का मूक गवाह बन शायद यही सन्देश दे रहा है !!

  

Sunday, 20 September 2015

लाल किले को परिवृत्त करती खाई या नहर



लाल किले को परिवृत्त करती खाई या नहर


           महाभारत काल मैं पांडवों द्वारा श्रीकृष्ण के कहने पर इंद्र द्वारा भेजे गए, उस काल के इंजीनियर विश्वकर्मा की मदद से खांडवप्रस्थ निर्जन वन क्षेत्र को विकसित कर इंद्रप्रस्थ "नाम" मिला ( इन्द्रप्रस्थ, यमुना की भीषण बाढ़ में बह गया था और पांडव आज के दिल्ली क्षेत्र से दूर चले गए थे उस स्थान का नाम मझे विस्मृत हो गया, किसी सम्मानित साथी को जानकारी हो तो अवश्य साझा कीजियेगा ) इन्द्रप्रस्थ, के "नाम" का सफ़र, यहीं एक छोटे स्थान के राजा "ढिल्लो" के नाम का अपभ्रंश चलते-चलते "दिल्ली" तक आ पहुंचा ..
            कहा जाता है कि दिल्ली 18 बार उजड़ी. मानव व प्रकृति के प्रहारों ने यहाँ के अधिकतर प्राचीन अवशेषों को समाप्त कर दिया ! विभिन्न "शक्ति केन्द्रों" के रूप में चलता हुआ ये सफ़र महाभारत काल में इन्द्रप्रस्थ में ठहराव के बाद, वर्तमान दिल्ली क्षेत्र के अन्दर ही कभी तेज कभी मंथर गति से, लाल कोट (योगनिपुरा,, मैहरोली, राय पिथोरा) से पुन: प्रारंभ होता हुआ, सीरी < तुगलकाबाद < जहाँपनाह < फिरोजशाह कोटला < दीनपनाह ( पांडवों का किला, इन्द्रप्रस्थ) < शाहजहानाबाद ( चांदनी चौक) के रूप में सात शहरों से होता हुआ आज राय सीना की पहाड़ियों पर नयी दिल्ली के नाम से आठवीं दिल्ली के रूप में ठहर गया..
           अब ये "सफ़र" ... हम सबके साथ और हमारे हाथ.. यहीं ठहरा रहे इसके लिए हम सभी को ईमानदारी से विविधता में एकता को सार्थक करने की आवश्यकता है ..
पुराने समय में किले, गढ़, व दुर्ग राज्य की शक्ति का केंद्र हुआ करते थे . समय के साथ बसाये गए शहर व किले खंडहरों में तब्दील होते गए. बेशक लाल किला प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष मुग़ल, मराठा, सिक्ख शक्तियों के नियंत्रण में रहा लेकिन लगभग 363 वर्षों से आज भी लाल किला किसी न किसी रूप में शक्ति प्रदर्शन का केंद्र बना हुआ है..स्वतंत्रता दिवस पर हमारे प्रधानमंत्री 15 अगस्त को लाल किले पर शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं..
          कहा तो जाता है कि ये स्थान जमुना के किनारे सुनसान जगह थी लेकिन लाल किले से सटे सलीम गढ़ किले क्षेत्र में महाभारत काल के मिले मिटटी के बर्तन, महाभारत काल में इस क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हैं । ..
         अब तस्वीर पर कुछ चर्चा की जाय..  मेरे पीछे जो खाई या नहर है इसमें आक्रमणकारियों से किले की सुरक्षा के लिए आदमखोर मछलियाँ, मगरमच्छ और घड़ियाल रहते थे, ये नहर या खाई किले की सुरक्षा के लिए तीन ओर से घेरे हुए थी, किले की पिछली तरफ जमुना बहती थी, आज आप, ITO की तरफ रिंग रोड पर चलते हुए लाल किला के पीछे जिस मेहराब दार पुल के नीचे से फ्लाई ओवर पर चढ़कर, प्राचीन हनुमान मंदिर के पास से गुजरकर काश्मीरी गेट बस अड्डा पहुँचते हैं वहां जमुना बहती थी अर्थात रिंग रोड जमुना के बहाव क्षेत्र पर बनी है इसलिए बादशाह किले को पिछले गेट से निकलकर जमुना में नाव से किले के दिल्ली गेट से, जो अब बंद है, पुन: किले में प्रवेश कर दीवाने आम में आम जनता की फ़रियाद सुनने आना होता था ।


Friday, 18 September 2015

परिवर्तन !! कितना सार्थक !!



परिवर्तन !! कितना सार्थक !!

               पहचानिए इस स्थान को !! यह है, ऐतिहासिक लक्ष्मण झुला से लगा क्षेत्र , " तपोवन ", लक्ष्मण , भरत, व ध्रुव जैसे तपस्वियों ऋषि-मुनियों की तपोभूमि !! कभी यहाँ से गुजरते हुए बासमती धान की महक आने- जाने वालों को अपनी तरफ आकर्षित करती थी और यहाँ का बासमती चावल दुनिया में मशहूर था !!
                   लेकिन आज यह स्थान भौतिक चकाचौंध में चौंधिया रहा है ! स्थानीय निवासियों से कौड़ियों के भाव खरीदी गयी यह भूमि आज महज कंक्रीट का जंगल बनकर रह गयी है.गेस्ट हाउसों की भरमार है !! 
          जिन किसानों का पसीना, बासमती की सुगंध के रूप में परिवर्तित हो इस क्षेत्र को महकाता था !! वे लोग आज यहाँ के गेस्ट हाउसों में मजदूरी सदृश कार्य कर जीवन यापन को मजबूर हैं !! इस क्षेत्र के भौतिकवाद का ग्रास बने महज 35 साल ही हुए हैं !!
यह परिवर्तन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के क्रम में कितना सार्थक साबित हुआ !! शायद आपके पास उत्तर अवश्य होगा !!
 
 

प्रबल झंझावत में तू ...









 
प्रबल झंझावत में तू
बन अचल हिमवान रे मन।

हो बनी गम्भीर रजनी,
सूझती हो न अवनी,

ढल न अस्ताचल अतल में
बन सुवर्ण विहान रे मन।

उठ रही हो सिन्धु लहरी
हो न मिलती थाह गहरी
नील नीरधि का अकेला
बन सुभग जलयान रे मन।

कमल कलियाँ संकुचित हो,
रश्मियाँ भी बिछलती हो,
तू तुषार गुहा गहन में
बन मधुप की तान रे मन।


.............सोहनलाल द्विवेदी
 

देवप्रयाग, उत्तराखंड


देवप्रयाग

भागीरथी व अलकनंदा के मिलन का पवित्र स्थान .. देवप्रयाग .जहाँ से नया नाम मिलता है ...माँ गंगा ...और सफर प्रारंभ होता है जन-कल्याण हेतु गंगा-सागर तक का .......यह पवित्र स्थान ऋषिकेश से लगभग 70 किमी. आगे बद्रीनाथ मार्ग पर पड़ता है..... 


" तांबा खानी ", उत्तरकाशी


  " तांबा खानी ", उत्तरकाशी


              गंगा तेरा पानी अमृत... यह तस्वीर उत्तरकाशी की है ..सामने " तांबा खानी " पर बनी सुरंग भी तस्वीर में दिखाई दे रही  है.. बरसात में यहाँ भूस्खलन के कारण यातायात में अक्सर व्यवधान आता था.. उसके बाद इस पहाड़ पर भूमिगत सुरंग का निर्माण किया गया ..
             साथ ही तस्वीर में दायीं तरफ पुराणं प्रसिद्द " मणिकर्णिका घाट" का कुछ भाग भी दृष्टिगोचर है..कहा जाता है यहाँ, तांत्या टोपे ने कुछ समय भूमिगत होने के उपरांत कुछ समय व्यतीत किया था ..