Thursday, 13 August 2015

आधुनिकता की भेंट चढ़ती हमारी स्वस्थ परम्पराएँ : रोटाना



        आधुनिकता की भेंट चढ़ती हमारी स्वस्थ परम्पराएँ : रोटाना

                        आज मैं "रोटाना" और उनको बनाने की Computerised मशीन लाया हूँ..
 
         आटे को देशी घी या वनस्पति तेल व गुड़ की चाश्नी में सौफ डालकर अच्छी तरह गूंथकर, नारियल बुरक दीजिए और छोटी-छोटी पेड़ियाँ बनाकर मशीन के बीच में रख कर दबा दीजिये और भूरा होने तक तलिए ..
        लीजिए बन गए "रोटाने".....पुराने समय में क्रय शक्ति भी कम थी और बाज़ार में बनी चीज़ों का परहेज भी किया जाता था ...बाज़ार काफी दूरियों पर होते थे...
       ससुराल से जब बेटियां मायके आती थी तो ससुराल वापसी में काफी पैदल चलना होता था। मार्ग में भूख लगने पर रोट काम आते थे, इसलिए बेटी को विदाई के समय "कलेऊ" के रूप में अन्य चीजों के साथ-साथ रोट भी दिए जाते थे।
       शुद्धता से परिपूर्ण, ये ,स्वास्थ्य अनुकूल परंपरा ,आज समयाभाव की बात कर , आधुनिकता की भेंट चढ़ गई है !! और लगभग समाप्त सी हो गई है !!

Wednesday, 12 August 2015

साज


(__ साज __)

कुदरत की 
अठखेलियाँ___ 
सुर निबद्ध 
करता है साज 
सुप्त ह्रदय 
झंकृत कर
जगाता है साज___
कभी आग तो
कभी पानी 
बरसाता है साज
दिलों को
धड़काता और
मिलाता है साज___
बंद लबों को
बुदबुदाता है साज
कभी गुनगुनाते 
लबों को
मौन करता है साज___ 
रौद्र होता 
तो कभी 
शालीन हो जाता साज
कभी रणभेरी 
तो कभी 
मृदुल धुन
सुनाता है साज___
कभी मिलन है 
तो कभी 
विरह है साज
कभी दिन है 
तो कभी 
रात है साज___
माँ की लोरी,
दादी की 
कहानी है साज 
कभी कोयल 
तो नदिया 
बन जाता है साज___
ताउम्र सरगम
सुनाता है साज
कभी ऊँचे
कभी नीचे मध्यम
स्वर सुनाता है साज___
बुजुर्गों की 
लाठी___
बनता है साज
कभी बुजुर्गो का
आशीर्वाद___
बन जाता है साज__ 
हँसाता रुलाता
दोनो ही साज,
गुदगुदाता बहलाता 
नचाता है साज___
संवेदनाओं का सुर,
संस्कृति का
दर्पण है साज,
कुदरत को 
सरगम में__
सजाता है साज__
जीवन से पहले
बाद में भी साज
धरती की गहराई
अनंत ऊंचाइयों में साज ___
.....विजय जयाड़ा 21.02.15


तैमूर लंग के आक्रमण का मूक गवाह भरत मंदिर, ऋषिकेश



तैमूर लंग के आक्रमण का मूक गवाह 

भरत मंदिर, ऋषिकेश


         दिल्ली में जिनका भी राज रहा, उत्तराखंड उनके द्वारा किये गए आक्रमण से अछूता नहीं रहा. पहले अशोक के बौद्ध धर्म प्रसार, फिर चौहान, तुगलक वंश, तैमूर लंग, सैय्यद वंश, मुग़ल वंश गोरखा, उत्तराखंड पर आक्रमण करते रहे और यहाँ के सामाजिक ताने-बाने, कृषि और अर्थ व्यवस्था को नष्ट-भ्रष्ट करते रहे. प्रत्यक्ष व परोक्ष रूप से इन आक्रमणों का उद्देश्य, धर्म व सीमा विस्तार, सोना, कस्तूरी व धन प्राप्ति की कामना होता था। इस क्रम में मोहम्मद बिन तुगलक द्वारा 1337 और तैमुर लंग द्वारा दिल्ली में लूटपाट करने के बाद समरकंद वापस जाते हुए 1399 में किये गए हमलों ने उत्तराखंड में शिवालिक की तराई की उपजाऊ खेती और मानव जीवन को नष्ट प्राय ही कर दिया था..
       मूर्ती विरोधी तैमूर लंग ने हरिद्वार, ऋषिकेश क्षेत्र में मार-काट और लूट-पाट मचाने के अलावा मंदिरों को भी क्षति पहुंचाई.ऋषिकेश शहर के ह्रदय भाग में स्थित सबसे प्राचीन भरत मंदिर की दीवारों के निचले भाग पर बनी प्राचीन प्रस्तर मूर्तियों के प्रहारों से विदीर्ण मुखांग आज भी तैमूर की बर्बरता के गवाह हैं. इसे आप मंदिर के पिछले भाग की तरफ जाकर देख सकते हैं. मंदिर के संग्रहालय में दूसरी शताब्दी से 14 वीं शताब्दी तक की मूर्तियाँ , कलात्मक ईंटें, और मिटटी के बर्तन भी संग्रहित हैं ..मेरे द्वारा ली गयी सम्बंधित तस्वीरे नीचे कमेन्ट बॉक्स में अवश्य देखिएगा ..
       जन श्रुतियों के अनुसार पटेश्वरी गाँव में धमान सिंह, भड़ (स्थानीय योद्धा), भरत जी के समर्पित भक्त थे., जब तैमूर के सेनापति ने भरत मंदिर पर हमला किया तो भरत जी ने धमान सिंह, भड़ के सपने में आकर, धमान सिंह को तैमूर के सैनिकों से मुकाबला करने का आह्वन किया. धमान सिंह ने प्रतिज्ञा की, कि वो सेनापति की बायीं मूंछ काटकर इसका बदला लेगा. भयंकर युद्ध हुआ. धमान सिंह वीरता से लड़ा.. अपने वचन के अनुसार सेनापति की बायीं मूंछ काटने में भी सफल हुआ लेकिन चारों ओर से घिर जाने के कारण वीरगति को प्राप्त हुआ .. 
         अपने पुत्र की मौत पर धमान सिंह की माँ इतनी व्यथित हुई कि उन्होंने अपने कुल में पुन: कभी भड़ पैदा न होने का शाप दे डाला... धमान सिंह तो वीर गति को प्राप्त हुए लेकिन आज उस पूरे क्षेत्र के लोग , पट्टी-धमान सिंह, का निवासी होने पर गौरव अनुभव करते हैं 


Monday, 10 August 2015

भरत मंदिर, ऋषिकेश,पाताल महादेव, शिवलिंग


 

भरत मंदिर, ऋषिकेश,पाताल महादेव, शिवलिंग


           सम्राट अशोक के कालखंड में बौध धर्म के उत्कर्ष के समय हिमालय क्षेत्र भी इस धर्म से अछूता न रहा. ऋषिकेश और आस-पास के मंदिर बौद्ध मठों में तब्दील कर दिए गए. विष्णुपुराण, महाभारत, श्रीमद्भागवत, वामन पुराण व नरसिंह पुराण में वर्णित, भरत मंदिर भी बौद्ध मठ में तब्दील हो गया. 
        सन 789 में जगद गुरु आदि शंकराचार्य जी द्वारा भरत मंदिर के जीर्णोद्धार के उपरान्त ऋषिकेश शहर अस्तित्व में आया. इस तरह, भरत मंदिर, मंदिरों के शहर, ऋषिकेश का सबसे पुराना मंदिर है. महापंडित राहुल सांकृत्यायन ऋषिकेश कई बार आये उन्होंने अपनी पुस्तक “ हिमालय परिचय” में भरत मन्दिर का वर्णन किया है उनके अनुसार तब ऋषिकेश पांच-दस परिवारों से आबाद जगह थी. 
 


            मुझे लगता है तस्वीर में वर्तमान उत्खनन के उपरांत भरत मंदिर की सतह से करीब 14-15 फीट नीचे प्राप्त ये भूमिगत प्राचीन शिवलिंग संभवत: उसी काल का होगा तब इसके आस-पास ग्रंथों में वर्णित पौराणिक मंदिर रहा होगा जो प्राकृतिक व मानवीय आपदाओं को झेलता हुआ जमीन के काफी नीचे दब गया होगा या दबा दिया गया होगा.
           पर्यटक व यात्री भरत मंदिर आते हैं भरत जी महाराज के दर्शन कर लौट जाते हैं लेकिन मुख्य मंदिर परिदृश्य से हटकर स्थित इस पौराणिक भूमिगत शिवलिंग पर उनका ध्यान नहीं जाता. 
           यदि आप भरत मंदिर जाइयेगा तो शिवलिंग के दर्शन कर उस काल खंड में अवश्य खो जायेंगे जब द्रौपदी समेत पांडवों ने स्वर्गारोहणी के दौरान इस शिवलिंग के दर्शन किये होंगे.  28.02.15

अनहद


\\ अनहद //
---------- 

महानगर के
कंक्रीट वन में
घिर कर दम
घुटता है जब
झूमते मुस्कराते
सुकुमार हरित वन
अपने पास
खींच लाते हैं तब
सहज स्पंदित
होता है जीवन
निर्झर निरंतर
   स्नेह से ...
चहचहाते
पक्षियों का कलरव
  तब करता है ..
    जीवन संगीतमय.... 

.. विजय जयाड़ा 29.03.15

प्रथम विश्व युद्ध कालीन तोप : नरेन्द्र नगर, टिहरी गढ़वाल



प्रथम विश्व युद्ध कालीन तोप : नरेन्द्र नगर, टिहरी गढ़वाल

        
          ऋषिकेश से से 15 किमी. आगे गंगोत्री मार्ग पर ऊँचाई में बसे नरेन्द्र नगर में महाराजा के महल, अब होटल आनंदा, के प्रवेश द्वार पर रखी इस तोप को देखा तो इस पर बैठकर तस्वीर लेने का लोभ संवरण न कर सका. ये तोप अन्य किलों में रखी गयी तोपों के मुकाबले कुछ आधुनिक लगी !! 
        पहले इसे परेड ग्राउंड में रखा जाता था. 1919 में टिहरी रियासत के महाराजा नरेन्द्र शाह ने राजधानी को टिहरी से स्थानांतरित कर नरेन्द्र नगर, तत्कालीन नाम ओडाथली, को राजधानी बनाया.     यह स्थान तत्कालीन परिस्थितियों में निचले मैदानी क्षेत्र की तरफ से आक्रमण के समय रियासत की सुरक्षा के लिए सामरिक दृष्टि से ऊँचाई पर स्थित बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान था. 
        शिवालिक पर्वत श्रृंखला के चरणों में बसे, प्राकृतिक छटा से भरपूर, नरेन्द्र नगर का ऐतिहासिक महत्व भी है ऋषि उद्धव ने इस स्थान पर कठिन तपस्या की थी तथा ज्योतिष शास्त्र के जनक पुरस्र ने नरेन्द्र नगर में ही ग्रहों और तारों की गति पर कई अनुसन्धान किये थे, उनकी वेधशाला आज राजकीय पॉलीटेक्निक में परिवर्तित हो चुकी है... इस महल में लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गाँधी, माँ आनंदमयी, स्वामी शिवानन्द , लार्ड माउंटबेटन जैसे लोग आ चुके हैं
            ये तोप टिहरी रियासत पर तैमूर रंग , तुगलक व मुगलों द्वारा किये गए आक्रमण के काफी बाद प्रथम विश्व युद्ध के समय की निर्मित  तोप है.मुझे नहीं लगता इसका प्रयोग महाराजा व वॅायसराय को सलामी देने के अतिरिक्त किसी युद्ध में हुआ हो !! 

        इससे पहले इससे मिलती जुलती ,लेकिन विश्व की सबसे बड़ी तोप जयगढ़ दुर्ग,जयपुर ,राजस्थान में देखी थी।

स्पंदन : प्रकृति और अंधविश्वास

 

स्पंदन : प्रकृति और अंधविश्वास 


          यात्रा क्रम में एक पनियल स्थान पर
ड्रैगन फ्लाई उड़ते दिखे तो कौतुक जगा चलिए आज इस पर ही चर्चा हो जाय ! पानी वाले स्थानों पर आसानी से दिखाई देने वाले, ड्रैगन फ्लाई के जीवाश्मों से अनुमान लगाया गया है कि लाखों साल पहले ड्रैगन फ्लाई पूर्वजों के पंख 75 सेमी. तक बड़े होते थे !!
        किसी कालखंड में घटित शुभ-अशुभ घटनाओं के आधार पर हम सम्बंधित जड़-चेतन को ही स्वयं के लिए शुभ-अशुभ मानने लगते हैं ! देश-काल-परिस्थितियों को आधार बनाकर, तथ्यपरक व वैज्ञानिक विश्लेषण के अभाव में, कालांतर में वे मिथक संस्कृति में रच-बसकर अंधविश्वास का रूप ले लेते हैं !
                        
 
अब ड्रैगन फ्लाई को ही देख लीजिये ! जापान में इसे “ साहस-शक्ति और प्रसन्नता “ का प्रतीक मान कर “ शुभ “ जाता है जबकि यूरोप में इसे अभिशाप के रूप में “अशुभ “ माना जाता है !! इंडोनेशिया में इसे भोज्य सामग्री के रूप में इस्तेमाल किया जाता है वहीँ चीन और जापान में देशी पारंपरिक दवाइयों में इस्तेमाल भी किया जाता है ! और भारत में !! बच्चे इसके पैरों से धागा बाँधकर उड़ते हुए देखने का आनंद लेते हैं !!
साथियों, प्रकृति का हर सृजन संतुलन बनाये रखने के लिए आवश्यक है लेकिन कमोवेश अज्ञानतावश व स्वार्थवश, हम अपनी सुविधा के अनुसार ही जड़-चेतन की उपयोगिता को परिभाषित करने की कुचेष्टा करते हैं ! जब हम उनकी उपयोगिता से रूबरू होते हैं तब तक बहुत देर हो चुकी होती है ..
...और फिर पर्यावरण मंत्रालय व मीडिया के वातानुकूलित कक्षों में आमंत्रित की जाती हैं विचारगोष्ठियाँ !! और कागजों पर चलाये जाते हैं....खर्चीले.. “ संरक्षण “ अभियान !!!