Monday, 27 August 2018

उमानंद


     

                                                    

             क्रूज़ पर सवार होकर ब्रह्मपुत्र नदी की सैर के दौरान अँधेरा हो चुका था इस दौरान, दुनिया में किसी नदी पर सबसे छोटे आवासित टापू “ उमानंद” के दृश्यावलोकन का अवसर मिला. कालिका पुराण के अनुसार शिवजी ने इस टापू को पार्वती के आनंद के क्षणों को व्यतीत करने के लिए बनाया था. कामदेव ने इस स्थान पर तपस्या में लीन शिव का ध्यान भंग करने की कोशिश की इस पर क्रोधित होकर शिवजी ने इसी स्थान पर अपने त्रिनेत्र को खोलकर कामदेव को भस्म भंग कर दिया था. इस टापू पर 1694 में सुपत्फा द्वारा बनाया गया उमानंद मदिर 1897 में भूकंप के कारण ध्वस्त हो गया जिसे बाद में फिर से बनाया गया .



लम्हों ने खता की थी... ...


बैठे ठाले .... ना काहू से दोस्ती ना काहू से बैर 
इलैक्ट्रोनिक मीडिया जब से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से व्यवस्था के गुण गान करने वाला और व्यवस्था के अनुरूप नकारात्मक ख़बरों का भोंपू बन गया तब से मैंने टी वी देखना छोड़ दिया. इनका काम है येन केन प्रकारेण मुनाफा कमाना ! बेशक उनके द्वारा प्रसारित व्यवस्था को पोषित करती ख़बरें प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से समाज को नकारात्मक रूप से प्रभावित क्यों न करती हों ! तो भला हम क्यों स्वयं में निगेटिविटी को प्रश्रय दें ! 
आलम ये है कि गप-शप की चौपाल, सोशल मीडिया भी भावुक नागरिकों के माध्यम से इन भोंपुओं की गिरफ्त में आने लगा है. यहाँ भी हर राजनीतिक दल का एक अलग किला नज़र आता है ! जिनमें उनके सैनिकों के साथ वस्तु स्थिति से अनभिज्ञ आम नागरिक भी खड़ा नज़र आता है ! अलग-अलग राजनीतिक दलों के आई टी सेल उन किलों में तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर सामग्री के रूप में असलाह बारूद मुहैय्या करवा रहे हैं. आपसदारी खत्म होती जान पड़ती है ! प्रायः हर कोई एक भोंपू लिए और अपने किले की सुरक्षा में बंदूक ताने खड़ा है !
हर काल में किलों से बाहर सूफी विचारक रहे वे व्यवस्था की आक्रामकता या चकाचौंध से प्रभावित हुए बिना तथ्यपूर्ण और तर्क संगत दृष्टिकोण से चौपालों में अपनी बात को बेखौप रखते थे. किलेबंदी की मन: स्थिति से हटकर हर कोई उनकी बात को सम्मान दिया जाता था और मनन भी किया जाता था.. इसी तरह के लोगों ने भटके हुए लोगों और समाज को नयी दिशा भी दी .. लेकिन अब देखता हूँ स्थिति उलट है ! अब ऐसे सूफियों को ही संदेह की दृष्टि से देखा जाने लगा है ! भटके हुए समाज को दिशा देने वाले लोगों पर ही प्रहार किया जा रहा है . उनका मखौल उड़ाया जा रहा है ! अक्सर कहा जाता है.. “ बी पॉजिटिव “ लेकिन जब केवल नकारात्मक ही परोसा जाय तो साधनों के अभाव से जूझता आम नागरिक कब तक .. बी पॉजिटिव “ पर टिका रह सकता है !.
पहले और अब भी अपने स्वार्थों के चलते विदेशी शक्तियां स्व पोषित दलालों से भड़काऊ बयानबाजी या कार्य करवाकर देश में क्षेत्रीय, धार्मिक, जातीय व भाषाई अफरा तफरी और असुरक्षा का वातावरण बनाने की कोशिश करती थी .. लेकिन मुझे कहने की जरुरत नहीं !! आज उनका काम बहुत आसान हो गया है आज वही काम ............... !! 
आखिर हम किस तरफ जा रहे हैं ? क्या दल गत किलेबंदी के चलते हम उसी युग में तो नहीं पहुँच रहे हैं.. सेना में भी सैनिकों के अलग-अलग चूल्हे हुआ करते थे और विदेशी आक्रान्ताओं ने उसका फायदा उठाया ! येन केन प्रकारेण अपने स्वदेशी राजाओं को हारने के लिए विदेशी बहशियों से समझौते किये ! इन मौका परस्त राजाओं और आम जनता का हश्र क्या हुआ ? इससे हम अनभिज्ञ नहीं !!
राजनीतिक आस्था, व्यक्ति आवश्यकताओं और परिस्थितियों के अनुरूप बदलती रहती हैं ... यदि ऐसा न होता तो एक ही दल की सरकार बनी रहती ! सोचता हूँ धरातल पर हमें एक ही बना रहना चाहिए .. धार्मिक अन्धता के चलते धर्म क्षेत्र में आशाराम, राम रहीम जैसे व्यक्ति पूजित होने लगते हैं.. राजनीति में भी कमोबेश इसी आचरण के लोग आने लगे हैं जो भावना प्रधान भारतीय समाज का भावनात्मक दोहन करने का हुनर रखते हैं.. उनसे हमें सावधान रहने की आवश्यकता है ! राजनीतिक मतभेद और मतैक्य देश काल माहौल से प्रभावित अवश्य हो सकते हैं लेकिन हर परिस्थिति में विवेक का रोशनदान खुला रखना भी जरूरी है. जिससे भविष्य में अपनी मानसिक अन्धता के लिए पछतावा न करना पड़े .. 
ऐसा न हो कि आने वाली पीढ़ियां भोंपू वाद के समर्थक होने के लिए हमें कोसें !
हम सभी को परम् पिता ने ज्ञानेन्द्रियाँ दी हैं ! भला हम किसी का भोंपू क्यों बनें ! क्यों हम किसी के पिछलग्गू बनें !! सोचता हूं भोंपू बनने से बेहतर, स्व विवेक से सार्थक चर्चा का हिस्सा बनना है।
भावना प्रधान होना मानव सुलभ गुण है लेकिन भावनाओं में बहकर कहीं फिर ऐसा न हो... " लम्हों ने खता की थी... सदियों ने सजा पायी !

जब तृष्णा ज्वार .....



जब तृष्णा ज्वार
प्रबल हो अतिशय
प्राणों पर संकट
आन पड़े
तब कब दिखते
प्राण मज़हब में !
जल में दिखते प्राण पड़े....
... अनहद
जोधपुर यात्रा क्रम में आग बरसाते सूरज की तपती गर्मी में बेटी और बेटे के साथ मण्डोर गार्डन से आगे काफी पैदल चलने के बाद मंडोर किले में पहुंचा. सुनसान वियावान मंडोर किले के भग्नावशेषों के अवलोकन उपरांत उत्साह में जोधपुर के राजाओं की मृत्युपरांत पंचकुंडा में बने स्मारकों ( छतरी ) पर पहुंचने का लोभ संवरण न हुआ.
रास्ता पैदल का और लंबा था . हमारे पास पानी समाप्त हो चुका था. शेष थी तो सिर्फ रीती बोतलें ! प्यास उफान पर थी. प्यास के कारण यहाँ से वापस, जहां से चले थे, मंडोर गार्डन तक वापस पहुंचने की हिम्मत शेष न थी. लक्ष्य से पहले थम जाना भी मंज़ूर न था. बस इस उम्मीद का सहारा था कि शायद मार्ग में आगे कहीं पानी मिल जाय !
लेकिन निरंतर चलते रहने के बाद भी पानी न मिला. तभी एक आस जगी ! नौ गज़ा पीर की दरगाह के पास 4-5 बड़े-बड़े मिट्टी के मटके दिखे. लेकिन एक-एक कर जब सभी मटकों के ढक्कन उठा कर देखा तो शीघ्र ही आशा निराशा में बदल गई! पांचों मटके सूखे पड़े थे.
अब तो स्थिति और भी भयानक होती जा रही थी. लेकिन अब भी लक्ष्य तक पहुंचने का ज़ज़्बा प्यास पर भारी पड़ रहा था.
काफी पैदल चलने के बाद चारों तरफ सुनसान में एक और दरगाह दिखी. यह हजरत हबीबुल्लाह मलिक शाह बुखारी तन्हा पीर बाबा की दरगाह थी. वहां आगंतुकों की काफी चहल-पहल थी. उम्मीद जगी. दरगाह के मुख्य द्वार पर एक सज्जन दिखे तो छूटते ही उनसे पानी के बारे में पूछा... दरगाह पर वाटर कूलर लगा था !
तुरंत बोतल में जल भरकर चबूतरे पर बैठकर हम तीनों ने प्यास बुझाई. हालांकि कुछ ही देर बाद विद्युत अवरोध के कारण वाटर कूलर से पानी आना बंद हो गया. लेकिन तब तक हम अपनी प्यास बुझाकर बोतलों में शेष सफर के लिए पानी भर चुके थे.
तृष्णा शांति के क्रम में हमें स्वर्गिक आनंद की अनुभूति हो रही थी. जल अमृत तुल्य लग रहा था. ऐसा लग रहा था मानों तपते रेगिस्तान में हमारे ऊपर खुदा की रहमत बरस पड़ी !
दरगाह पर हम तीनों के अलावा सभी मुस्लिम धर्मावलंबी थे. वहां बैठे बुज़ुर्ग लोगों से बहुत ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में खुलेमन से धार्मिक व धर्म आधारित सम-सामयिक घटनाओं पर चर्चा का दौर चला. इसके बाद हम अपने गंतव्य, पंचकुंडा की ओर बढ़ चले.
यह कहना अतिश्योक्ति न होगी कि हमें जीवन में पहली बार व्यावहारिक रूप में अनुभव हुआ कि " जल ही जीवन है."
साथियों, आप हमारी तरह दुस्साहस न कीजियेगा... मार्ग में आने वाले संकटों को उत्साह में नजरंदाज न करें. मौसम और परिस्थितियों के अनुकूल पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कर लेने के उपरान्त ही गंतव्य की ओर रुख करने में स्वयं की सुरक्षा है.


Sunday, 20 November 2016

म्यूटिनी मेमोरियल ( Mutiny Memorial ) Delhi


रहस्यमय (Haunted) म्यूटिनी मेमोरियल ( Mutiny Memorial ) : 
 सैन्य विद्रोह स्मारक, अजीत गढ़. नयी दिल्ली
         पिछले दिनों दिल्ली में प्रदूषण के कारण स्कूलों में छुट्टियां घोषित हुई लेकिन जुखाम-बुखार ने इस कदर घेरा की घर पर ही रहना पड़ा. छुट्टियों में दिन भर घर पर रहते हुए उकता गया तो बुखार में ही हिम्मत कर चल दिया एक ऐसे रहस्यमय स्मारक की ओर ! जिसे दिल्ली के भूतिया (Haunted) स्थानों में शुमार किया जाता है !
       जी हाँ ! कमला नेहरु रिज वन क्षेत्र में रानी झाँसी मार्ग पर बाड़ा हिंदुराव अस्पताल के दक्षिण में 500 मी. की दूरी पर सुनसान रिज इलाके में एक ऐसा ही ऐतिहासिक रहस्यमय किस्सों को समेटे हुए स्मारक है .. " म्यूटिनी मेमोरियल " अर्थात सैन्य विद्रोह स्मारक, अब परिवर्तित नाम " अजीत गढ़ " .
       30 मई से 20 सितम्बर सन 1857 के अंतराल में ब्रिटिश राज की ज्यादातियों के कारण उपजे जन असंतोष, जिसे व्यापकता व उग्रता के कारण भारत की आजादी का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नाम से जाना जाता है, को दिल्ली में अंग्रेजों की दिल्ली फील्ड फ़ोर्स द्वारा ब्रिगेडियर जनरल जार्ज निकोल्सन के नेतृत्व में कुचल दिया गया. इसके बाद पुरानी दिल्ली के प्रवेश द्वारों, कश्मीरी गेट व मोरी गेट पर निगरानी रखने के उद्देश्य से इस सुनसान रिज क्षेत्र में सैनिक छावनी बनायीं गयी थी..
      अंग्रेजों द्वारा पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट के माध्यम से जल्दबाजी में सन 1863 में “टेलर बैटरी “ ( तोपखाना इकाई ) के स्थान पर मजबूत पत्थर की चट्टान पर पांच फुट ऊंचे चबूतरे पर लाल बलुआ पत्थर से 29.5 मी. ऊंची, इस आलंकारिक अष्ट कोणीय मीनार को 8 जून से 7 सितम्बर 1857 के दौरान स्वतंत्रता संग्राम को कुचलने में अंग्रेजों की दिल्ली फील्ड फ़ोर्स की तरफ से लड़े और मारे गए, घायल, व लापता, 2163 भारतीय तथा अंग्रेज अफसर व जवानों की औपनिवेशिक शक्तियों के प्रति वफादारी, बहादुरी व त्याग को भविष्य में स्मरण करने उद्देश्य से बनाया गया था. मीनार के अष्ट फलकों में लगे संगमरमर के शिलापट्टों पर अफसर व जवानों का विवरण अंकित है. मीनार में प्रवेश वर्जित है लेकिन पश्चिमी दिशा से प्रवेश कर घुमावदार सीढ़ियों के माध्यम से ऊपर तक पहुंचा जा सकता है. मीनार के शीर्ष पर क्रॉस बना हुआ है.
      औपनिवेशिक हिताकांक्षाओं को पोषित करते इस ऐतिहासिक संरक्षित स्मारक में अंग्रेजों की सेना, दिल्ली फील्ड फ़ोर्स के विरुद्ध लड़ रहे भारतीय नागरिकों को " शत्रु " के रूप में प्रस्तुत किया गया था लेकिन स्वतंत्रता उपरांत 15 अगस्त 1972 के दिन भारत सरकार द्वारा स्वतंत्रता की पच्चीसवीं वर्षगाँठ पर इस स्मारक पर नए शिलापट्ट लगाकर अंग्रेजों के विरुद्ध लड़ रहे भारत माता के सपूतों को स्वतंत्रता के अमर शहीदों के रूप में उत्कीर्ण कर के सम्मान किया गया.
        रहस्यमय किस्सों से जुड़े होने के कारण यह स्मारक पर्यटकों के बीच कौतुहल का विषय भी बना रहता है ! ये किस्से हकीकत है या मन का भ्रम !! यह कह पाना संभव नहीं ! इन प्रचलित किस्सों में यहाँ सैनिक वर्दी में अंग्रेज सैनिक अफसर राहगीरों से सिगरेट सुलगाने के लिए लाइटर मांगने और सिर कटी अंग्रेज मानव आकृति देखे जाने की बात कही जाती है.. इस सम्बन्ध में “ आज तक “ कर्मियों ने इस स्मारक से जुड़े भूतिया रहस्यों से पर्दा उठाने की कोशिश में इस स्मारक पर रात और दिन गुजारा ! लेकिन वे भी रहस्यों की पुष्टि में तथ्य न जुटा सके ! स्मारक के गार्ड से बातचीत करने पर गार्ड ने भी इस तरह की बातों को सिरे से खारिज किया.


परकोटे पर


        परकोटे पर बैठा सुस्ता रहा था तभी कुछ याद आया ! कहा जाता है कि निजाम भिश्ती के सम्मुख, वचनबद्ध बादशाह हुमायूँ की स्थिति भी कुछ-कुछ इस उक्ति के भावानुरूप ही हो गयी थी...
वचनबद्ध हुमायूँ,और उसकी प्रजा ढाई दिन के लिए ही सही ! मगर भिश्ती की " अकल " झेलने को मजबूर थे ! क्योंकि ! भिश्ती ने संकट के समय हुमायूँ की जान बचायी थी !!

         हुमायूँ शरीर मृत्यु भय से निजात पाकर भिश्ती के सम्मुख कृतज्ञतावश किंकर्तव्यविमूढ़ था और आम जनता भिश्ती के हुकुम झेलने को मजबूर ! लेकिन शायद आज तेज रफ़्तार जिंदगी में मनुष्य को शरीर मृत्यु भय की अपेक्षा, हर पल महत्वाकांक्षाओं का मृत्यु भय अधिक सताता है !! हर महत्वाकांक्षा को फलित रूप में देखना उसके लिए जीवन- मृत्यु अनुभूति सदृश है !! इसलिए आज महत्वाकांक्षाओं को फलित करने में सहयोगी व्यक्ति के प्रति व्यक्ति की कृतज्ञतावश मजबूरी क्या कुछ नहीं कर सकती !! इतिहास के इस प्रसंग से बखूबी समझा जा सकता है, साथ ही समसामयिक विचारणीय पहलु भी है...

लाल कोट से प्रारंभ हुए दिल्ली के सफ़र का पांचवां पड़ाव : फ़िरोज़ शाह कोटला, किला, दिल्ली..


लाल कोट से प्रारंभ हुए दिल्ली के सफ़र का पांचवां पड़ाव

        फ़िरोज़ शाह कोटला, किला, दिल्ली..
     दिल्ली के सफ़र के पांचवें पडाव अर्थात पांचवी दिल्ली, फिरोजाबाद में सन 1354 के दौरान फिरोज तुगलक द्वारा तामीर करवाया गया फिरोज शाह कोटला किला अपनी निर्माण सुन्दरता के कारण लोगों में कौतुहल व आकर्षण का केंद्र हुआ करता था. दूर-दूर से देखने आने वाले लोगों की सड़कों परआवा-जाही लगी रहती थी. इसके महलों व भवनों की सुन्दरता को मानो सन 1398 में नजर लग गयी जबआक्रान्ता तैमूर लंग के कहर के बाद ये खूबसूरत किला, खंडहर, उजाड़ और वीरान होता चला गया. उस समय इस शहर की आबादी डेढ़ लाख हुआ करती थी. मुगलों ने लाल किला निर्माण के लिए निर्माण सामग्री के लिए पुराना किला का रुख किया लेकिन हुमायूँ के लिए बदनसीब साबित हुआ पुराना किला, मनहूसी के साए के चलते स्वयं को बचा सकने में कामयाब हो गया !!
        इसके बाद लाल किला निर्माण सामग्री की दृष्टि से मुगलों की नजर, तैमूर द्वारा तबाह फिरोज शाह कोटला किले पर पड़ी और इस किले की बची-खुची उपयोगी निर्माण सामग्री लाल किला निर्माण में प्रयोग में लायी गयी. आज यहाँ जगह-जगह पत्थरों के ढेर, ऊंची-ऊंची ढहती दीवारें और महल के निशान उनकी बुनियादें ही इस किले के अतीत में अस्तित्व की गवाह हैं !!
        खैर ! इस किले से जुडी रोचक प्रसंग की तरफ रुख करता हूँ.. मुग़ल काल में आम जनता का मनोरंजन भांड व नक्काल किया करते थे. विचित्र व रोचक कपडे पहनकर ये नक्काल, वाद्य यंत्रों के साथ, गली-कूचों सड़कों और चौराहों पर अपने गीतों व भाव भंगिमाओं से जनता का मनोरंजन किया करते थे. इनके गीतों में जहाँ एक ओर हंसी मजाक का पुट होता था तो वहीं किस्से-कहानियां, सच्चाई के साथ-साथ हाकिमों द्वारा लिए गए गलत फैसलों पर व्यंग्य भी होता था. इस कारण कभी-कभी हाकिम नाराज हो जाया करता था.
         एक बार मुग़ल बादशाह मोहम्मद शाह रंगीला ने नाराज होकर सभी भांड व नक्कालों को अपनी हुकूमत शाह जहानाबाद छोड़ने का आदेश दे दिया. अब शाहजहानाबाद में कोई भांड व नक्काल न रहा !
         एक बार तुर्कमान गेट की तरफ से हाथी पर सवार बादशाह मोहम्मद शाह रंगीला जब इधर से गुजर रहा था तो उसने इन्हीं खंडहरों पर ऊंचाई पर बैठे, अपने चेलों के साथ ढोलक बजाते एक नक्काल को देखा ! बादशाह ने आश्चर्य से उससे वहां बैठे होने का कारण पूछा तो चतुर हाजिरजवाब नक्काल ने जान बख्शने की फ़रियाद करते हुए कहा “ जहाँपनाह ! आपकी हुकूमत पूरी दुनिया में है .. जहाँ भी जाते हैं आपकी हुकूमत नजर आती है ! अब भला हम जाएँ तो जाएँ कहाँ.. हार कर हमने जन्नत का रुख किया .. लेकिन अभी पहली सीढ़ी ही चढ़े थे कि सीढ़ी खत्म हो गयी ! इसलिए यहाँ बैठे हैं !!
         चतुर नक्काल का जवाब सुनकर बादशाह बहुत खुश हुआ और उसने सभी नक्कालों व भांडों को शाहजहानाबाद (पुरानी दिल्ली) में वापस लौट आने की अनुमति दे दी.


" हनूज़ दिल्ली दूरअस्त " ..." दिल्ली अभी दूर है "...

" हनूज़ दिल्ली दूरअस्त " ..." दिल्ली अभी दूर है "...

        एक बहुत ही प्रसिद्ध लोकोक्ति है, “दिल्ली अभी दूर है” अर्थात “ मंज़िल अभी दूर है ”.यदि अतीत में भ्रमण किया जाय तो इस लोकोक्ति के गर्भ में एक ऐतिहासिक प्रसंग है जो सूफी संत हज़रत निजामुद्दीन औलिया से सम्बंधित है...
       1320 ईसवीं के आसपास दिल्ली में गयासुद्दीन तुगलक की सल्तनत थी. मगर दिल्ली, तुगलकों से ज्यादा सूफी संत हजरत निजामुद्दीन औलिया और उनके शागिर्द अमीर खुसरो के नाम से जानी जाती थी. अमीर खुसरो, तुगलक के दरबारी हुआ करते थे. तुगलक, खुसरो को चाहता था लेकिन औलिया की लोकप्रियता से चिढ़ता था. तुगलक सोचता था कि संत औलिया के इर्दगिर्द बैठे लोग उसके खिलाफ साजिशें रचते हैं.
       एक बार तुगलक युद्ध से दिल्ली लौट रहा था. रास्ते से ही उसने सूफी हजरत निजामुद्दीन तक संदेश भिजवा दिया कि उसकी वापसी से पहले औलिया दिल्ली छोड़ दें।
      
खुसरो को ये सब अच्छा न लगा ! वे औलिया के पास पहुंचे. तब औलिया ने उनसे कहा कि “ हनूज़ दिल्ली दूरअस्त.” अर्थात दिल्ली अभी दूर है. ग्यासुद्दीन तुगलक की पश्चिम बंगाल और उत्तरी बिहार से विजय के उपरांत दिल्ली वापसी में उसके पुत्र जुना खान ने स्वागत के लिए, कारा, उत्तरप्रदेश में. लकड़ी का एक काफी बड़ा मंच बनवाया गया था.अचानक आये भयंकर अंधड़ से उसका चंदवा (छतरी ) गिर गया. इसी के नीचे दब कर ग्यासुद्दीन तुगलक की मृत्यु हो गई. 
      इतिहासकार विन्सेंट स्मिथ व मोरक्को के यात्री इब्न बबूता ग्यासुद्दीन की इस तरह हुई मृत्यु को पुत्र जूना खान के द्वारा षड्यंत्र के तहत हुई मानते हैं.
       इस प्रकार संत औलिया साहब के कहे अनुसार गयासुद्दीन तुगलक के लिए दिल्ली दूर ही रही और वो दिल्ली में जीवित वापस न आ सका !!