Wednesday, 29 July 2015

2000 साल पुरानी सभ्यता व संस्कृति से पोषित करता एक लुप्त महानगर : वीरभद्र, ऋषिकेश

 2000 साल पुरानी सभ्यता व संस्कृति से पोषित करता 

एक  लुप्त महानगर : वीरभद्र क्षेत्र , ऋषिकेश


        ऋषिकेश और आस-पास का क्षेत्र केवल धार्मिक महत्व को ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक व पौराणिक महत्व को भी समेटे हुए है. ऋषिकेश में सीमा डेंटल कॉलेज के पास से बायीं तरफ मुड़कर लगभग तीन किमी. चलकर, रम्भा नदी के किनारे, लगभग 2000 सालों का इतिहास समेटे, इस उत्खनन स्थल, आम बाग़, वीरभद्र तक पहुंचा जा सकता है. मूल रूप से नागा सम्प्रदाय के निरंजनी अखाड़े की इस भूमि में खेती करने की प्रक्रिया के दौरान स्थल का पता लगा. इस के बाद पुरातत्वविद श्री. एन. सी. घोष की देख रेख में इस स्थल की 1973 से 1975 तक पुरातात्विक खुदाई की गयी थी.
      आठवीं सदी तक यहाँ महानगर हुआ करता था. कालांतर में अज्ञात कारणों से इस क्षेत्र की सभ्यता व संस्कृति लुप्त हो गयी !! खेतों  में प्राचीन अवशेष व छोटे-छोटे मंदिर इस स्थान पर मिलते थे लेकिन कुछ दशक पूर्व इस क्षेत्र में आश्रम निर्माण व टिहरी विस्थापितों के पुनर्वास की प्रक्रिया के दौरान इनका सही रूप में संरक्षण नही हुआ !! कितनी ही दुलर्भ पुरातात्विक  महत्व की वस्तुएं नष्ट हो गयी !! केवल ये छोटा सा हिस्सा ही पुरातत्व विभाग ने संरक्षित किया है.
         गुप्त काल में यह उत्खनित स्थान प्रसिद्ध शैव तीर्थ था. चीनी यात्री हृवेनसांग की यात्रा के दौरान भी यहाँ मंदिर और बौद्ध मठ थे. इस उत्खनन स्थल के ठीक सामने प्रसिद्ध वीरभद्र मंदिर है जिसे दक्ष प्रजापति के यज्ञ स्थल कनखल से जोड़ा जाता है. इस दृष्टि से ये क्षेत्र बहुत महत्वपूर्ण है.
         इस उत्खनन स्थल से आठवीं सदी से तीसरी सदी की प्राचीन मुद्राएँ,मिटटी के बर्तन, मूर्तियाँ व अन्य अवशेष प्राप्त हुए हैं. जिन्हें पुरातत्व विभाग द्वारा देहरादून में संगृहीत किया गया है. पहली सदी से तीसरी सदी के दौरान, दीवारों में प्रयुक्त कच्ची ईंट, चौथी से पांचवीं सदी में पक्की ईंटों से निर्मित फर्श तथा शैव मंदिर, सातवीं व आठवीं सदी के पक्की ईंटों से निर्मित कुछ आवासीय संरचनाएं इस उत्खनित स्थल से प्राप्त हुई हैं. दो शिवलिंग आज भी यहाँ मौजूद हैं.
         कहा तो ये भी जाता है कि तैमूरलंग के आक्रमण के समय यहाँ विध्वंस किया गया लेकिन इसके ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं..
       आलेख दीर्घ होता जा रहा है लेकिन इतना अवश्य कहना चाहूँगा कि जिस क्षेत्र की पूरी सभ्यता व संस्कृति लुप्त हो गयी, उस क्षेत्र का अन्य ऐतिहासिक स्थलों की तरह सूक्ष्मता से उत्खनन व विश्लेषण कर के यह पता अवश्य लगाया जाना चाहिए कि आखिर अचानक ही एक समृद्ध सभ्यता व संस्कृति लुप्त क्यों और कैसे हो गयी !!
        वर्तमान स्थिति को देखकर बहुत दुःख हुआ 2000 साल का इतिहास समेटे यह उत्खनन स्थल खुले आकाश के नीचे आज भी प्रकृति के थपेड़े सह रहा है. समीप ही वीरभद्र मंदिर दर्शन हेतु असंख्य श्रद्धालु पहुँचते हैं  !! लेकिन स्थानीय निवासियों को भी इस उत्खनन स्थल के महत्व का ज्ञान नहीं !! न इस स्थल को देखने के लिए कोई उत्सुक पर्यटक यहाँ दिखा !! 
       पहले उत्खनन को सुरक्षित रखने के लिए टिन शेड था लेकिन प्रकृति की मार से शेड  गिर गया जिसे चार साल से अब तक पुनर्स्थापित नहीं किया जा सका है !! दिल्ली में देखता हूँ सरकारी शौचालयों व सडकों के किनारे पर कीमती ग्रेनाइट पत्थर के इस्तेमाल पर भरपूर धन व्यय किया जा रहा है !! लेकिन महत्वपूर्ण ऐतिहासिक
स्थल उपेक्षा के शिकार हैं ..

        ऐतिहासिक धरोहरो की उपेक्षा एक अतुलनीय हानि है। इन अमूल्य प्राचीन सभ्यताओं की वास्तुकला के नमूने व संस्कृति को दर्शाने वाले ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है. 
.... 29.07.15

Monday, 20 July 2015

जिजीविषा


_\ जिजीविषा /__


पाषाण भेदकर
ज्यों वो__
धरती से उठा
जीत का उल्लास
उसके चेहरे पर दिखा,
ऋतुएँ अब आएँगी
अनुकूल और
प्रतिकूल भी
संघर्षों से जूझकर
स्नेह बरसाना__
फितरत में है
उसके जन्म से ही गुंथा..
.. विजय जयाड़ा 20.07.15


Saturday, 18 July 2015

सर सब्ज दयार

सर सब्ज दयार

 न हिन्दू है, न मुसलमान ही कोई यहाँ
  न सिख और बौद्ध बसर दीखती यहाँ,
ईसाइयों की दूर तक कोई खबर नहीं
  अमन औ खुशहाली की यहाँ बसर है।
नाम अलग हैं मगर कोई शोर नहीं है
   मजहबी बिसात, मोहरों का खेल नहीं है,
आपस में रहते हैं सभी मेल-जोल से
   छोटे और बड़े का भी यहाँ भेद नहीं है !!
धर्म जाति पंथ का बसेरा यहाँ नहीं
फिरका पसन्दों का भी बोलबाला नहीं,
दैरोहरम भी दूर तक दिखते नहीं यहाँ
      मगर,सर सब्ज दयार में__
     हर कोई दुनिया की खिदमत में लगा है यहाँ !!
... विजय जयाड़ा
 
 
 
 
 

Thursday, 16 July 2015

प्रकृति से संवाद

 

 प्रकृति से संवाद 

        यात्रा के दौरान प्राय: प्रतिकूल मौसम, थकान और उदिग्नता घर करने लगती है !! उस स्थिति में प्रकृति के सुरम्य मनोहारी दृश्य मानसिक शीतलता प्रदान करते हैं. मार्ग में मिलने वाले पालतू जानवरों से कमोवेश अनकहे व अनसमझे संवाद कौतुहल, उत्साह व ताजगी उत्पन्न करते हैं ..
      मार्ग में छाँव में विश्राम कर रहे इन पालतू जानवरों से संवाद करने का लोभ संवरण नहीं कर पाता !! सोचता हूँ इनसे इस जन्म का बेशक न सही लेकिन पूर्व जन्म का मेरा कोई न कोई सम्बन्ध अवश्य है. इस जन्म में इनको बकरी के रूप में जन्म मिला !! और मुझे मनुष्य के रूप में !!
     लेकिन आत्मा तो अजर अमर है !! केवल शरीर को बदल देती है !! तभी तो इन अनजान राहों पर इनसे मेरी मुलाकात हो जाती है !! और हम एक - दूसरे से अपरचित स्थान पर अलग-अलग रूपों में मिल कर, कुछ देर ही सही लेकिन आनंदित हो मुस्करा देते हैं !! ताजगी का अहसास पाते हैं


Wednesday, 15 July 2015

चंडी घाट से बन्दर भेल, उत्तराखंड

चंडी घाट से बन्दर भेल, उत्तराखंड  : अतीत टटोलने का एक सफ़र 

कारवाँ वक्त का गुजरता है तो 
यादें हो जाती हैं गर्दसार,
    मगर ---
खामोश राहें, बखूबी बयाँ करती हैं
गुज़रे थे कई काफिले इधर से बार-बार ...
...... विजय जयाड़ा

        चंडी घाट से बन्दर भेल अभियान के क्रम में ऋषिकेश से मोहन चट्टी होते हुए लगभग 22 किमी. आगे नोढ़ खाल है. वहां से आधा किलोमीटर पहले एक दुराहे पर हमने बायीं तरफ, नोढ़ खाल माला कुंटी मोटर मार्ग अपना लिया, मार्ग पक्का था लेकिन सड़क के आस-पास काफी दूर तक आबादी न होने पर भी इतना अच्छा मोटर मार्ग देख आश्चर्य भी हुआ. सड़क जिस दिशा में बढ़ रही थी उसको लेकर मुझे शंका होने लगी ! लगभग पांच किमी. चलने के बाद सड़क पर पैदल चलता एक स्थानीय परिवार मिला. उनसे मार्ग की जानकारी लेने पर मार्ग सम्बन्धी मेरी शंका उचित थी ! हमें नोढ़खाल – नांद – सिंगट्याली मार पर चलना चाहिए था ! पुन: वापस उसी मार लौटकर अब हम सही जगह नोढ़खाल पहुँच गए.कभी नोध खाल चट्टी हुआ करता था. अब हमें मुख्य सड़क मार्ग को छोड़कर बायीं तरफ के मार्ग पर चलना था.
      ये मार्ग कच्चा और कम चौड़ा था. इस तीखे ढलानदार मार्ग पर छोटे-छोटे पत्थर थे जिससे बाइक के फिसल जाने का भय था और हमें 6 किमी. इस मार्ग पर चलना था. मार्ग में बाइक के पंक्चर हो जाने पर भीषण गर्मी में खड़ी चढ़ाई  पर बाइक को लेकर वापस आने की कल्पना मात्र से ही, यहीं से वापस हो जाने का मन बनने लगा !! उहापोह की स्थिति में धूप में खड़ा 10 मिनट तक सोचता रहा.. लेकिन अंत में स्वयं पर जीत हासिल की !! कुछ क्षण आँख बंद कर भगवान को याद कर उसके ही भरोसे बाइक पर पर साथी देवेश के साथ चलने लगा !!
      पिछली कुछ पोस्ट्स में अपने चंडी घाट से बन्दर भेल अभियान का जिक्र कर चूका हूँ इस कारण आपके मन में जिज्ञासा उत्पन्न हो रही होगी कि आखिर इस अभियान को मैंने क्यों तय किया .. तो साथियों इस पोस्ट पर इतना ही बताना चाहूँगा कि चंडी घाट से बन्दर भेल पुराने समय में चार धाम यात्रा करने के पैदल मार्ग का एक भाग था जो गढ़वाल की राजधानी श्रीनगर से होकर गुजरता था ..
     
इसी मार्ग को अपनाकर तैमूर लंग, शाहजहाँ के सेनापति नवाज़त अली खान और दिल्ली के दूसरे मुस्लिम शासकों ने गढ़वाल पर आक्रमण किया था .. राजस्थान के राजपूत राजाओं ने भी इसी मार्ग द्वारा गढ़वाल पर आक्रमण किया. .प्राचीन काल में नागा साधू सम्प्रदाय के 8000 साधुओं ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने के लिए, हरिद्वार कुम्भ स्नान के उपरान्त सशस्त्र बदरीनाथ जाने का निश्चय किया था, लेकिन टिहरी के तत्कालीन राजा ने उनको सशस्त्र आगे बढ़ने की स्वीकृति नहीं दी. फलस्वरूप कुछ नागा साधू बिना हथियार के आगे बढ़ पाए ..अन्य यात्रा अधूरी छोड़ वापस आ गए ..
इस कारण इस बार इस प्राचीन पैदल मार्ग को अपनी आँखों से देखने की इच्छा हुई .. अधिक जानकारी विस्तार से समय मिलने पर अगली पोस्ट्स में साझा करूँगा. 
15.07.15


Saturday, 11 July 2015

“ सावन-भादों “ मंडप ” : लाल किला


“ सावन-भादों “ मंडप ” : लाल किला

        मैं लाल किला बोल रहा हूँ, मैं लाल पत्थरों से बना एक ढांचा ही नहीं बल्कि दीर्घ कालखंड की घटनाओं का चश्मदीद गवाह भी हूँ  . मैंने  “लाल किला ट्रायल” के दौरान लाखों देशभक्तों को अपने चारों ओर “ लाल किले से आई आवाज़.. सहगल – ढिल्लों – शाहनवाज” के गगन भेदी नारों द्वारा भारत में अंग्रेजों के साम्राज्य पर आखिरी कील गाड़ते स्वरों को भी सुना... तो मुग़ल साम्राज्य के सूरज को उगते और डूबते हुए भी देखा.
     बादशाहों के वैभव को भी देखा तो आर्थिक रूप से विपन्न हो चुके बादशाह  बादशाह जफ़र को सैनिकों का वेतन तक न दे सकने की स्थिति में लाचार होकर अपनी पगड़ी के नग-नगीनों को नीलाम करने की बात कहते भी सुना.. मैंने बादशाहों को कत्लेआम के फरमान सुनाते हुए भी सुना तो वहीँ बादशाहों को अपनी जान के लिए रहम की याचना करते हुए भी सुना !!
     मैं लम्बे समय तक हादसों और दर्दनाक मंजरों को देख बार-बार सिहरता रहा..कुछ सोचता रहा . आज मेरे आँगन में, जिस मिट्टी का मैं बना हूँ उसी मिट्टी से बने लोग आकर जब मुझे निहारते हैं और मुझसे बातें करते हैं तो मैं बहुत खुश होता हूँ और अब   भारतीय लोकतंत्र को फलता-फूलता देख कर गौरवान्वित महसूस कर सदैव मुस्कराता रहता हूँ ..साथियों  कोई भी स्थान शुभ या अशुभ नहीं होता, मनुष्य ही उसे अपने कार्यों से शुभ या अशुभ बनाता है.. 

      अब मूल विषय पर आता हूँ.. जिस चबूतरे पर बैठा हूँ कभी इस चबूतरे पर सावन और भादों के स्वागत में फनकार, अपने साजों से स्वर झंकृत कर व मधुर कंठ से स्वरों की स्वरलहरियों का जादू बिखेरकर, सावन-भादों को मद-मस्त हो बरसने को मजबूर कर देते थे. मेरे पीछे दो बाग़ दिखाई दे रहे हैं इनका नाम हिन्दू कैलेण्डर के महीनों के नाम पर रखा गया था, “सावन” और “भादों”. इन्हीं नामों से दोनों बागों के प्रारंभ में मंडप भी बने हैं, जिनमे बैठकर बादशाह सावन-भादों का नजारा देखा करता था.      तस्वीर में सफ़ेद "सावन" मंडप दिखाई दे रहा है मंडप पर प्रकाश पात्र रखने के लिए आले बने हैं  जिनका प्रकाश रात में नीचे पानी में प्रतिबिंबित होकर दृश्य को शानदार बना देता था .दोनों मंडपों के मध्य में पानी के बीच में लाल पत्थर का बना जफ़र महल है.. जिसमे बैठकर बहादुरशाह जफ़र ने “जफरनामा “ लिखा था. इस बाग़ में मौसमी फलों के अलावा .. नीले, सफ़ेद और बैंगनी रंग के फूल बाग़ की सुन्दरता बढ़ाते थे..    15.06.15

आओ मिलकर एक तस्वीर ली जाए !!

 आओ मिलकर एक तस्वीर ली जाए !!


                    साथियों, चंडी घाट, हरिद्वार से ऐतिहासिक बंदर भेल, मोढखाल  तक के, वर्षा बाधित, व्यस्त यात्रा कार्यक्रम के दौरान, चीला, राजा जी राष्ट्रीय अभ्यारण्य से गुजरते समय मार्ग पर मिले गौधन के सानिध्य में बाइक से उतरकर कुछ सुखद व सुकून के पल बिताने का लोभ संवरण न कर सका  ....