Monday, 27 August 2018

खेजडली


खेजडली 

      प्रयास रहता है कि इंटरनेट के जरिये मोबाइल.. लेपटॉप मशगूल नयी पीढ़ी, अतीत से रूबरू हो ... उनमें मौके पर जाकर धरातलीय सच्चाई जानने की जिज्ञासा उत्पन्न हो ... साथ ही उनमें अपनी मातृभूमि के प्रति गौरव का भाव जगे ..
कक्षा - 4 के विज्ञान विषय के पाठ्यक्रम में एक पाठ है "अमृता की कहानी " !
कक्षा में बच्चों को यह पाठ पढ़ाते समय इस वृक्ष मित्र बलिदान भूमि को करीब से देखने की जिज्ञासा जागृत हुई !! और बेटे और बेटी के साथ पहुँच गया ..मारवाड़ .. जोधपुर के पास... खेजडली !!
इतिहास में वृक्षों के संरक्षण हेतु किये गए इस आन्दोलन को खेजडली आन्दोलन के नाम से जाना जाता है. इस आन्दोलन को ही प्रथम चिपको आन्दोलन भी माना जाता है .
आन्दोलन के दौरान सन 1730 में अमृता और उसकी तीन बेटियों सहित खेजडली के 363 से अधिक स्थानीय ग्रामीण खेजड़ी वृक्षों से चिपक गए.
वृक्ष रक्षार्थ क्षेत्र के 363 ग्रामीणों ने स्वयं कट कर अपनी जान न्योछावर कर दी और इतिहास में अमर हो गए ..
यहां काफी बड़ा शहीद स्मारक बन रहा है ... विस्तार से फिर कभी ....



मरुभूमि का कल्पतरु .. खेजड़ी


मरुभूमि का कल्पतरु .. खेजड़ी

यात्रा अनुक्रम में जोधपुर, राजस्थान जाना हुआ. दर्शनीय स्थल भ्रमण के साथ-साथ प्रकृति को करीब से देखने की ललक वशात मरुभूमि के “ कल्प तरु “ खेजड़ी वृक्ष को करीब से देखने और उसके महत्व को जानने की विशेष जिज्ञासा थी.
वैज्ञानिक नाम "प्रोसेसिप-सिनेरेरिया" से जाने वाले और 4-9 मीटर तक ऊंचाई तक बढ़ने वाले खेजड़ी वृक्ष को "राजस्थान का सागवान", "रेगिस्तान का गौरव" अथवा " थार का कल्पवृक्ष " भी कहा जाता है। " राजस्थान सरकार द्वारा इस वृक्ष के सरंक्षण व संवर्धन हेतु खेजड़ी को वर्ष 1983 में राज्य वृक्ष घोषित किया गया.
अपेक्षाकृत ऊंचाई में कम तथा इमली व बबूल की तरह पत्तियों वाला कांटेदार खेजड़ी, मरुभूमि के जन-जीवन की जीवन रेखा है. इस वृक्ष के हर भाग का भौतिक उपयोग तो है ही साथ ही धार्मिक कार्यों में अग्निगर्भा व शमी नाम से खेजड़ी की लकड़ी व पत्तियों का हवन इत्यादि में उपयोग किया जाता है.
लवणीय मृदा में तीन मीटर तक गहरी जड़ें भूमि में मृदा अपरदन को रोकती हैं और मरु विस्तार को रोकने में सहायक हैं. वृक्ष की विशेषता यह भी है की जिस खेत में खेजड़ी का वृक्ष होता है वहां फसल अच्छी होती है. इस वृक्ष की दीर्घ जीविता का अनुमान इसी बात से हो जाता है कि वैज्ञानिकों ने खेजड़ी के वृक्ष की कुल आयु 5000 वर्ष मानी है. मांगलियावास गाँव, अजमेर, राजस्थान में खेजड़ी के 1000 वर्ष पुराने 2 वृक्ष भी मिले है.
माना जाता है कि खेजड़ी के पेड़ पर ही अज्ञातवास के अंतिम चरण में पांडवों ने अपने अस्त्र-शस्त्र छिपाए थे. हैं. इसी प्रकार लंका विजय से पूर्व भगवान राम द्वारा शमी (खेजड़ी) के वृक्ष की पूजा का उल्लेख मिलता है
जहाँ मैं खड़ा हूँ यह स्मारक स्थान उसी प्रेरक व ऐतिहासिक खेजड़ली गाँव के अंतर्गत है जहाँ खेजड़ी के सरंक्षण हेतु राज्य में सर्वप्रथम रामो जी बिश्नोई की पत्नि अमृतादेवी के द्वारा सन 1730 में बलिदान दिया गया. यह बलिदान भाद्रपद शुक्ल दशमी को जोधुपर के खेजड़ली गाँव के 363 लोगों ने खेजड़ी के कटान को रोकने के लिए पेड़ों से चिपक कर दिया गया. इस आन्दोलन को ही प्रथम चिपको आन्दोलन माना जाता है इस बलिदान के समय जोधपुर का शासक अभय सिंह था. अभय सिंह के आदेश पर गिरधरदास के द्वारा लोगों 363 (69 महिलाओं व 294 पुरुषों) की हत्या कर दी गई. बिश्नोई सम्प्रदाय द्वारा दिया गया यह बलिदान साका/खडाना कहलाता है. 12 सितम्बर को प्रत्येक वर्ष खेजड़ली दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस आन्दोलन के प्रभाव से आज भी राजस्थान में कई गाँव ऐसे हैं जहाँ के लोग हरे पेड़ नहीं काटते.विश्नोई संप्रदाय के लोगों में वृक्ष मित्र होने के कारण मृतक को दफ़नाने की प्रथा है..
जेठ के महीने में भी हरा-भरा रहने वाला बहु उपयोगी खेजड़ी रेगिस्तान में गर्मियों में जब जानवरों के लिए धूप से बचने का कोई सहारा नहीं होता तब यह पेड़ छाया देता है. इसकी छाल को खांसी, अस्थमा, बलगम, सर्दी व पेट के कीड़े मारने के काम में लाते हैं. इसकी पत्तियां राजस्थान में पशुओं का सर्वश्रेष्ठ चारा हैं.
खेजड़ी का फूल मींझर और फल सांगरी कहलाता है, 14- 18 प्रतिशत प्रोटीन वाली इन फलियों से सब्जी बनाई जाती है. सांगरियों को कच्चा तोड़कर उबालकर सुखा लिया जाता है| सुखी फलियों को सूखे केर व कुमटियों के साथ मिलाकर ताजा कच्ची सांगरी से भी स्वादिष्ट शाही सब्जी बनाई जाती है. फल सूखने पर खोखा कहलाता है जो सूखा मेवा है. इसकी लकडी मजबूत होती है जो किसान के लिए जलाने और फर्नीचर बनाने के काम आती है.
सोचता हूँ अन्य वृक्षों की लकड़ियों की अपेक्षा खेजड़ी लकड़ी के उच्च ज्वलन ताप के कारण ही खेजड़ी को शास्त्रों में “ अग्नि गर्भा “ कहा गया होगा ! इस वृक्ष की जड़ से हल बनता है. अकाल सी स्थिति के समय रेगिस्तान के आदमी और जानवरों का यही एक मात्र सहारा है। सन 1899 में दुर्भिक्ष अकाल पड़ा था जिसको छपनिया अकाल कहते हैं, उस समय रेगिस्तान के लोग इस पेड़ के तनों के छिलके खाकर जिन्दा रहे.
बुजुर्गों से बात करने पर ज्ञात हुआ कि गुजरे समय में खेतों में इतने अधिक वृक्ष हुआ करते थे कि खेतों में हल लगाना मुश्किल कार्य था लेकिन आज स्थिति अलग है ! खेजड़ी के पेड़ कहीं-कहीं व दूर-दूर ही दिखाई पड़ते हैं. आज खेजड़ी का रोपण, सरंक्षण व संवर्धन की त्वरित आवश्यकता है नहीं तो मरू भूमि के कल्प तरु, खेजड़ी का लुप्त हो जाना अवश्यम्भावी है.
साथियों, यदि आप राजस्थान भ्रमण के इच्छुक हों तो दर्शनीय स्थान अवलोकन के साथ-साथ स्थानीय पौष्टिक, स्वादिष्ट सांगरी, सूखे केर व कुमटियों से बनी शाही सब्जी का आनंद अवश्य लीजियेगा ..

पंचकुंडा


एकदा...
गार्ड साहब के मिज़ाज में राजपूताना कड़क है !! राज घराने की समाधियों की तस्वीर लेने की मनाही का सख्ती से अनुपालन कर रहे हैं !! मगर उम्मीद है मुझको रियायत मिल ही जायेगी ...
घुमक्कड़ी के क्रम में कई बार ऐसे अवसर आते हैं जब इस तरह के अवरोध, निराशा उत्पन्न करते हैं... लेकिन में सहजता से हार नही मानता !
कविवर श्री सोहनलाल द्विवेदी जी ने कहा है ..
" लहरों से डर कर नौका पार नहीं होती
कोशिश करने वालों की हार नहीं होती."
सम्मान, सम भाव, सब्र व शालीनता से ये बाधाएं भी पार हो जाती हैं..


सदानीरा ब्रह्मपुत्र के तीरे ...


सदानीरा ब्रह्मपुत्र के तीरे ...


पुरस्कृत शिक्षक पूर्वोत्तर शैक्षिक भ्रमण 


काफल ..


काफल 

राह चलते चलते....
रंग, स्वाद और रंगत वही उत्तराखंड की ..
मगर उत्तराखंड के काफलों की तुलना में शिलांग के इन काफलों का आकार लगभग 3-4 गुना अधिक है !!


सोहरा (चेरापूंजी)


सोहरा (चेरापूंजी) : " विकास " की ज़द में विश्व प्रसिद्ध वर्षा क्षेत्र....

         हर तरफ गर्मी बरस रही है तो क्यों न आज बादलों के घर, मेघालय में चेरापूंजी क्षेत्र की ठंडी फुहारों का आनंद लिया जाय ..प्रस्तुत यात्रा वृत्तांत 28 पृष्ठीय असम मेघालय यात्रा वृतांत का एक अंश है.
बचपन से सर्वाधिक वर्षा वाले क्षेत्र चेरापूंजी का नाम सुनता और पढता आ रहा हूँ. हमें चेरापूंजी, मेघालय पहुँचना था. मन में उत्साह और कौतुहल था. सुबह सुबह शिलॉंग से चेरापूंजी के लिए रवाना हुए. मार्ग में वर्षा होने लगी तो चेरापूंजी आना सार्थक लगने लगा. वर्षा के कारण मार्ग में एलिफैन्टा केव्स जाने का निर्णय वापसी तक के लिए स्थगित करना पड़ा.
सोहरा एक बड़ा क्षेत्र है मार्ग में एक स्थान पर भुट्टों का आनंद तेते हुए हम उमेस्टिउ व्यू पॉइंट (Umestew View Point) सोहरा, पर, प्रकृति का नज़ारा देखने के लिए रुके,
अभी भी बूंदाबांदी चल रही थी. घाटी से काफी ऊँचाई पर स्थित इस व्यू पॉइंट्स से प्रकति का विस्तृत व सुरम्य दृश्यावलोकन किया जा सकता है. अब हमारा अगला पड़ाव दुनिया में सबसे अधिक वर्षा होने वाले क्षेत्र के रूप में लम्बे समय तक दर्ज रहे गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज, चेरापूंजी, सोहरा था. हालाँकि इस समय विश्व में सर्वाधिक वर्षा वाले स्थान के रूप में मावसिनराम (Mawsynram), मेघालय, वर्ष में 11,873 मिमी.के कारण जाना जाता है इस स्थान पर स्थानीय उत्पादों के विक्रय हेतु कुछ अस्थाई दुकानें थीं. कुछ आगे पैदल चलकर अब हम एक ऐसे स्थान पर पहुँच कर गर्व महसूस कर रहे थे जहाँ पर एक बोर्ड लगा था और उस पर लिखा था “ SOHRA, The Wettest Place On Earth… Proud to be here “
इस स्थान पर पहुंचकर हमारी ख़ुशी का ठिकाना न था,लेकिन यहाँ लगभग मृदा विहीन पठार और जिरोफिटिक वनस्पति देखकर आश्चर्य हुआ ! क्योंकि मेरे मन-मस्तिष्क में अधिकतम वर्षा वाले क्षेत्र में घने वन और ऊँची-ऊंची हरी भरी घास होने की कल्पना थी. इस कारण यहाँ की भौगोलिक स्थिति और परिस्थितियों को करीब से जानने की जिज्ञासा हुई.
खासी पहाड़ियों, खासी शब्द का अर्थ स्थानीय भाषा में पत्थर (STONE) से है, पर समुद्र तल से 1484 मी. की ऊँचाई पर स्थित और गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जुलाई 1861में 9,300 मिमी. तथा 1 अगस्त 1860 से 31 जुलाई 1861 के बीच 26,461 मिमी. वर्षा के कारण दो रिकॉर्ड दर्ज कराने वाले चेरापूंजी का ऐतिहासिक नाम “सोहरा” है. 1884 में इस कबीलाई क्षेत्र पर अंग्रेजों द्वारा अधिकार के बाद, अंग्रेज “ सोहरा “ शब्द का उच्चारण “चुरा ( Chura )“ करने लगे, कालांतर में यही चुरा क्षेत्र, चेरापूंजी नाम से जाना जाने लगा. अब मेघालय सरकार द्वारा इस स्थान का नाम बदलकर पुन: “ सोहरा “ कर दिया है. खासी पहाड़ियों पर बसा समाज मातृ मूलक समाज है. यहाँ पिता की संपत्ति पर सबसे छोटी बेटी का अधिकार होता है.
बादल, बरसात और सूर्योदय के लिए प्रसिद्ध इस क्षेत्र में अत्यधिक वर्षा होने के बावजूद भी यहाँ के लोगो को दिसंबर - जनवरी महीनों में पानी का अभाव झेलना पड़ता है. पानी के लिए कई किमी. दूर जाना पड़ता है. जल संकट के हालात यहाँ तक बद्तर हो जाते हैं स्थानीय नागरिकों को पानी प्राप्त करनेके लिए काफी दूर तक जाना होता है हालत यहाँ तक हो जाते हैं कि एक बाल्टी पानी के एवज़ में 6-7 रुपये तक दाम देने होते हैं.
यहाँ आबादी बढ़ने से वन क्षेत्र घटा है जिससे कृषि पर विपरीत प्रभाव पड़ा है. तेज वर्षा के दिनों में ऊपरी उपजाऊ मृदा बह जाती है. जल संकट का मुख्य कारण, वनों का कटान है जिसके कारण विगत 10 वर्षों में यहाँ वन क्षेत्र 40% कम हुआ है. औद्योगिकीकरण, खनन, आबादी का बढ़ना भी वन क्षेत्र, कृषि क्षेत्र व वातावरण को प्रभावित कर रहा है. मृदा अपरदन के लिए इस क्षेत्र में छोटे-छोटे चेक डैम बनाया जाना व वर्षा के समय पहाड़ों से बह जाने वाले पानी के भण्डारण के लिए उचित जल संचयन व्यवस्था होना बहुत आवश्यक है.

कामाख्या देवी मंदिर, गुवाहाटी



कामाख्या देवी मंदिर, गुवाहाटी : तंत्र सिद्धि व मातृ शक्ति का केंद्र ..

         कल समय अधिक हो गया था जिस कारण नवरात्रि पर्व पर श्रृद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए गुवाहाटी से लगभग 8 किमी. दूर स्थित कामाख्या देवी दर्शन हेतु आज का दिन तय हुआ. प्रात: 6.30 पर हम कामाख्या पहुँच गए.इस दौरान कामाख्या का स्थानीय बाजार देखने को मिला. दुकानों में स्थानीय हस्त-शिल्प से बनी वस्तुओं की भरमार थी.
मंदिर परिसर में जिस तरफ से हमने प्रवेश किया वहां ज्यादा लम्बी लाइन न थी, दरअसल वह लाइन VIP टिकट खरीदने वालों की लाइन थी. जानकारी लेने पर ज्ञात हुआ की सामान्य दर्शनार्थियों की लाइन अलग से है और वो काफी लम्बी है. मां कामाख्या दर्शन के बाद हमारा काजीरंगा नेशनल पार्क पहुंचना पूर्व-निर्धारित था इस कारण समयाभाव के कारण हम सभी ने 500 रूपये प्रति सदस्य की दर से VIP टिकट खरीद लीं लेकिन इसके बावजूद भी दर्शन करने में लगभग पांच घंटे का समय लग गया.
इक्यावन शक्ति पीठों में से एक,सर्वोच्च कौमारी तीर्थ और दुनिया में तंत्र सिद्धि के लिए प्रसिद्ध कामाख्या मंदिर के बारे में इससे पहले काफी सुना और पढ़ा था इसलिए करीब से देखने की जिज्ञासा थी. कामाख्या मंदिर, नीलाचल पर्वत पर है. भगवती के महातीर्थ (योनिमुद्रा) नीलांचल पर्वत पर ही कामदेव को पुन: जीवनदान मिला था. इसीलिए यह क्षेत्र कामरूप के नाम से भी जाना जाता है.जन श्रुतियों के अनुसार...
जिस प्रकार उत्तर भारत में कुंभ महापर्व का महत्व माना जाता है, ठीक उसी प्रकार उससे भी श्रेष्ठ आद्यशक्ति के अम्बूबाची पर्व का “ पूर्व के कुम्भ “ के रूप में महत्व है यह पर्व स्त्री शक्ति और उसकी जनन क्षमता को गौरवान्वित करता है इस दौरान मां भगवती रजस्वला होती हैं.
पूरे भारत में रजस्वला यानी मासिक धर्म को अशुद्ध माना जाता है। लेकिन कामाख्या के मामले में ऐसा नहीं है. हर साल अम्बुबाची मेला के दौरान पास की नदी ब्रह्मपुत्र का पानी का रंग तीन दिन के लिए लाल हो जाता है ऐसी मान्यता है कि पानी का यह लाल रंग कामाख्या देवी के मासिक धर्म के कारण होता है। अम्बू बाची योग पर्व के दौरान मां भगवती के गर्भगृह के कपाट तीन दिन के लिए बंद हो जाते हैं और उनका दर्शन भी निषेध हो जाता है. इस पर्व में यहाँ पूरे विश्व से तंत्र-मंत्र-यंत्र साधना व सभी प्रकार की सिद्धियाँ एवं मंत्रों के पुरश्चरण हेतु उच्च कोटि के तांत्रिकों-मांत्रिकों, अघोरियों का बड़ा जमघट लगा रहता है. तीन दिनों के उपरांत मां भगवती की रजस्वला समाप्ति पर उनकी विशेष पूजा एवं साधना की जाती है. इस पर्व में मां भगवती के रजस्वला होने से पूर्व गर्भगृह स्थित महामुद्रा पर सफेद वस्त्र चढ़ाये जाते हैं, जो कि रक्तवर्ण हो जाते हैं. मंदिर के पुजारियों द्वारा ये वस्त्र प्रसाद के रूप में श्रद्धालु भक्तों में विशेष रूप से वितरित किये जाते हैं 
इस क्षेत्र में सभी वर्ण व जातियों की कौमारियां वंदनीय व पूजनीय हैं. ऐसा माना जाता है कि वर्ण जाति का भेदभाव -जाति का भेद करने पर साधक की हैं सिद्धियां नष्ट हो जाती हैं. तराशे गए बड़े-बड़े शिलाखंडों से बने इस .मंदिर के गर्भ गृह में देवी की कोई तस्‍वीर या मूर्ति नहीं है गर्भगृह में सिर्फ योनि के आकार का पत्थर है. योनि रूप, देवी की महामुद्रा कहलाता है.. मंदिर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा जमीन से लगभग 20 फीट नीचे एक गुफा में स्थित है
नीलाचल पर्वत पर आठवीं सदी में बना यह मंदिर भी पंद्रहवीं शताब्दी में आक्रान्ताओं के कहर से महफूज़ न रह सका, कालांतर में बिखरे पड़े शिलाखंडों व अवशेषों द्वारा मंदिर का पुनर्निमाण व पुन: पूजा अर्चना प्रारंभ की गई. इतिहासकार इसका श्रेय नर नारायण व चिला राय को देते हैं.. मंदिर में आज भी बलि प्रथा है आज अष्टमी है, देवी को समर्पित करने के लिए काफी बकरे व भैंसे भी बलि देने के लिए बांधे गए हैं. प्रथम बलि दिए जाने वाले भैंसे की कीमत एक लाख रुपये है. इन पशुओं की उम्र हमारे यहाँ बलि दिए जाने वाले पशुओं से काफी कम थी अर्थात ये पूर्ण वयस्क नहीं हैं. यहाँ अष्टमी के दिन कबूतरों की बलि देने की भी परम्परा है . इनके अलावा मछली, लौकी, कद्दू जैसे फल वाली सब्जियां भी बलि के माध्यम से देवी को समर्पित की जाती हैं.